इलाहाबाद। कोतवाली थाना क्षेत्र के नार्थ मलाका इलाके में बुधवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। महिला की गोद में उसकी चार साल की बच्ची थी। ट्रेन के धक्के से वह दूर जा गिरी। बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुबह हुए हादसे से कोहराम मच गया। कोतवाली पुलिस ने पहुंच शव को कब्जे में ले लिया। महिला के आत्महत्या करने की बात कही जा रही थी। हालांकि परिवारवालों का कहना है कि वह बेटी को लेकर अस्पताल जा रही थी।
नार्थ मलाका के रहने वाले वाले मोहम्मद सईद की पत्नी रेशमा बेगल (25) सुबह करीब दस बजे अपनी बेटी ईशा को लेकर बहादुरगंज स्थित एक अस्पताल जाने को निकली। नार्थ मलाका रेलवे लाइन पार करते वक्त ईशा की टोपी गिर गई। रेशमा रेलवे पटरी पर रुककर टोपी उठाने लगी इसी बीच ट्रेन आ गई और मां-बेटी ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसे में रेशमा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ईशा गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद रेलवे लाइन पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। हल्ला मचाया गया कि महिला ने बेटी संग खुदकुशी की है। घरवाले पहुंचे तो उन्होंने खुदकुशी की बात से इंकार कर दिया। उनका कहना है कि रेशमा अस्पताल जाने के लिए घरवालों को बताकर निकली थी। परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।