इलाहाबाद। शहर के तकरीबन हर इलाके में सड़क किनारे कूड़े और मलबे का ढेर लगा है। यह स्थिति तब है जब नगर आयुक्त विभिन्न इलाकों का स्वयं निरीक्षण कर रहे हैं। उन्हें सिविल लाइंस, बैहराना, सुलेमसराय आदि में बड़ी मात्रा में सड़क किनारे गंदगी और मलबे मिला। इसके लिए पर्यावरण अभियंता को जमकर फटकार लगाई और तत्काल सफाई कराने की निर्देश दिया।
नगर आयुक्त आर विक्रम सिंह को नवाब यूसुफ रोड पर वाल्मीकि चौराहा के पास, चौफटका ओवर ब्रिज के किनारे, चौफटका से बमरौली एयरपोर्ट तक सड़क के दोनों ओर, चक मुंडेरा, चौफटका, हाईकोर्ट के पास, हीरा हलवाई चौराहा, बैरहाना चौराहा से डाट पुल तक, मेडिकल चौराहा, सीएवी इंटर कॉलेज आदि के आसपास बड़ी मात्रा में कूड़े का ढेर, गंदगी और मलबा मिला। नगर आयुक्त ने पर्यावरण अभिंयता, मुख्य अभियंता एवं प्रभारी अधिकारी कर्मशाला को तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही गर्वमेंट प्रेस की दीवार से सटे नाले में गंदगी मिली जबकि संत अंथोनी स्कूल चौराहा के पास नाले से निकाली गई सिल्ट सड़क पर पड़ी मिली। उन्होंने पर्यावरण अभियंता को इससे हटवाने का निर्देश दिया। मुंडेरा सब्जी मंडी, केपी कॉलेज स्कूल के पास पानी की पाइप लाइन भी क्षतिग्रस्त मिली। उन्होंने जलकल विभाग के महाप्रबंधक को लीकेज ठीक कराने की हिदायत दी, जबकि पशुधन अधिकारी को आवारा जानवरों को पकड़ने का निर्देश दिया। मुख्य अभियंता को सड़कों के किनारे पड़े ईंट आदि को हटवाने के लिए कहा।