इलाहाबाद। स्कूल-कालेज जाकर छात्राओं को जागरूक करने का असर दिखने लगा है। सोमवार को छेड़छाड़ से आजिज एक और छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए शोहदे को सबक सिखा दिया। कोचिंग जाते वक्त परेशान कर रहे युवक की शिकायत लेकर वह कीडगंज थाने पहुंच गई। थाने में छात्रा बिलख पड़ी तो पुलिसवालों के होश उड़ गए। एसओ ने सादे लिबास में पुलिसकर्मियों के साथ घेरेबंदी की। छात्रा के पीछे पुलिसकर्मी चलने लगे। रास्ते में युवक बाइक से पहुंचा और छात्रा को गिफ्ट देने की कोशिश करने लगा। इसके बाद तो छात्रा शोहदे पर टूट पड़ी और उसकी पिटाई कर दी। पुलिसवालों ने युवक को घेरकर पकड़ लिया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। मंगलवार को उसे जेल भेजा जाएगा।
कीडगंज थाना क्षेत्र के खलासी लाइन की रहने वाली मनीषा (बदला हुआ नाम) क्रासवेथ इंटर कालेज में बारहवीं की छात्रा है। वह सोहबतियाबाग स्थित प्रेम साइंस सेंटर में कोचिंग पढ़ने जाती है। कीडगंज का रहने वाला मो. आतिफ उसे हर रोज परेशान करता था। मनीषा साइकिल से कोचिंग जाती तो वह बाइक से पीछा करता। दो महीने से यह सिलसिला चल रहा था। सोमवार को मनीषा स्कूल से लौट रही थी तो आतिफ ने उसे जबरन गिफ्ट थमाने की कोशिश की। मनीषा वहां से निकल भागी। वह सीधे साइकिल से थाने पहुंची और थाने में रोने लगी। एसओ कीडगंज विनोद यादव के मुताबिक, छात्रा की कहानी सुनने के बाद तुरंत कई पुलिसवालों को सादे लिबास में लगाया गया। मनीषा कोचिंग जाने लगी तो पुलिसवाले पीछे लग गए। बैरहना से मिन्टो पार्क जाने वाली सड़क पर सन्नाटा पाकर युवक ने छात्रा को रोक लिया। पुलिस साथ होने पर छात्रा के हिम्मत आ गई थी। उसने आतिफ की पिटाई शुरू कर दी तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एसओ के मुताबिक, आतिफ के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है।