इलाहाबाद। स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के पास चौराहे पर शनिवार की सुबह जमकर बवाल हुआ। रिक्शा खटाल चलाने वाले पड़ोसियों के बीच झगड़ा हो गया। मारपीट होने पर सरदार गुरुवचन सिंह और उसकी बहन ने तलवार और करौली निकाल ली। भाई-बहन ने तलवार का वार कर पिता-पुत्र को लहूलुहान कर दिया। तलवार से दो उंगलियां कट गईं। चीख पुकार मची तो लोगों ने पहुंच भाई-बहन का काबू में कर उनकी पिटाई कर दी। चारों को असपताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली पुलिस ने तलवार और करौली को कब्जे में ले लिया है।
बैरहना कीडगंज के रहने वाले श्याम सुंदर दुबे (55) की एसआरएन अस्पताल केपास रिक्शा खटाल है। उसी केठीक बगल सरदार बाबा गुरुवचन सिंह (42) की खटाल है। दोनों के बीच काफी दिनों से तनातनी चल रही थी। सस्ते पर रिक्शा उठाने को लेकर आए दिन मारपीट होती रहती थी। शनिवार की सुबह श्याम सुंदर और बाबा गुरुवचन में मारपीट हो गई। गुस्से में गुरुवचन ने तलवार निकाल हमला कर दिया। चौराहे पर तलवार चलाने से हंगामा मच गया। श्याम सुंदर जख्मी होकर गिरे तो उसका बेटा विपिन दुबे (19) लाठी लेकर गुरुवचन पर टूट पड़ा। विपिन केसाथ कई और लोग पहुंच गए। इसकेबाद गुरुवचन की बहन सतनाम कौर (40) ने करौली निकाल ली। तलवार, करौली और लाठी से एक दूसरे पर हमला किया गया। तलवार लगने से श्याम सुंदर केहाथ की दो उंगलियां कट गईं। चीख पुकार सुनकर आसपास केलोग पहुंच गए। गुरुवचन भिड़ने लगा तो लोगों ने उसे पकड़ लिया जमकर पिटाई की। सतनाम कौर को भी पीटने के बाद करौली छीन ली गई। खबर पाकर एसआरएन चौकी और कोतवाली थाने की फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने चारों घायलों को एसआरएन अस्पताल में भर्ती करा दिया। तलवार और करौली पुलिस ने कब्जे में ले ली है। चौकी प्रभारी समीर सिंह के मुताबिक, दोनों पड़ोस में खटाल चलाते हैं। श्याम सुंदर 30 रुपये में रिक्शा किराए पर देता है जबकि गुरुवचन 50 रुपये में। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई दिनों से झगड़ा चल रहा था।
पुलिसवालों पर भी तानी तलवार
इलाहाबाद। सरदार बाबा गुरुवचन सिंह और श्याम सुंदर दुबे के बीच शुक्रवार की रात भी सिरफुटौवल हुई थी। रात में एसआरएन चौकी के सिपाही पहुंचे थे तो उसने पुलिसवालों पर भी तलवार तान दी थी। तलवार देख पुलिसकर्मी वहां से वापस लौट आए थे। एसआरएन अस्पताल में भी गुस्से में एक बार गुरुवचन ने तलवार निकाल ली। हालांकि पुलिस ने वहां तलवार छीन ली।