बूंदाबांदी से दर्जनों मुहल्लों में घंटों ठप रही आपूर्ति
केबल कटने, तार टूट से भी मुसीबत में फंसे शहरी
इलाहाबाद, 5 जुलाई। बारिश शुरू होेते ही बिजली ने रंग दिखाना शुरू कर दिया। पानी की बौछार के आगे बिजली विभाग की तैयारियां ध्वस्त होती नजर आ रही हैं। बृहस्पतिवार को बारिश शुरू होते ही शहर के तमाम मुहल्लों की बिजली गुल हो गई और देर रात तक कई मुहल्लों में अंधेरा छाया रहा। वहीं, साउथ मलाका में सड़क खुदाई के दौरान जेसीबी की टक्कर से केबल के ध्वस्त हो जाने और जवाहर लाल नेहरू रोड पर ट्रक की टक्कर से तार टूट जाने के कारण भी बिजली ने लोगों को खूब रुलाया। बृहस्पतिवार शाम हुई बारिश के दौरान टैगोर टाउन सब स्टेशन की 33 केवी लाइन ट्रिप कर गई। इससे शहर के बड़े हिस्से में घंटों बिजली गुल रही। शाम को ही एक ट्रक ने जवाहर लाल नेहरू रोड पर 11 केवी खंभे पर टक्कर मार दी और टूट गया। बारिश में छिटपुट खराबियों के कारण कटरा, खुसरोबाग, रामबाग, करेली, अटाला, कल्याणी देवी, मीरापुर, दरियाबाद, गऊघाट, कीडगंज, मुट्ठीगंज, तेलियरगंज, अल्लापुर के भी कुछ हिस्से में देर रात तक अंधेरा छाया रहा। बिजली न आने से कटरा के लोगों ने सब स्टेशन पर हंगामा भी किया। इससे एलआईसी कालोनी की बिजली गायब हो गई। रात नौ बजे तक क्षेत्र में आपूर्ति सामान्य नहीं जा सकी थी।
बेली, सिविल लाइंस और मेयोहाल सब स्टेशन से जुड़े इलाकों में दिन के वक्त पोल शिफ्टिंग के नाम पर छह से आठ घंटे तक बिजली कटौती की गई। स्टेनली रोड, मम्फोर्डगंज, सिविल लाइंस में तो लोग पूरे दिन बिजली गायब रही। साउथ मलाका में रहने वालों को भी मुसीबत का सामना करना पड़ा। सड़क चौड़ीकरण के लिए सड़क खोदते वक्त जेसीबी ने साउथ मलाका और आजाद नगर को बिजली देने वाले 11 केवी भूमिगत केबिल को काट दिया। इससे दोनों दोनों इलाकों में सुबह चार बजे बिजली गुल हो गई। बिजली न होने के कारण पानी की किल्लत भी पैदा हो गई। आपूर्ति दोपहर दो बजे के बाद बहाल हो सकी।
--------इंसेट----------
पोल शिफ्टिंग को अधिकतम छह घंटे कटौती
इलाहाबाद। पोल शिफ्टिंग के नाम पर शहरियों को अब दिन-दिन भर बिजली कटौती नहीं झेलनी पड़ेगी। लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक एपी मिश्र ने अधिकतम पांच से छह घंटे ही बिजली कटौती का निर्देश दिया है। साथ ही अभियंताओं को एक दिन पहले कटौती की सूचना नागरिकों को देनी होगी। दो दिन के दौर पर इलाहाबाद आए एमडी एपी मिश्र को पोल शिफ्टिंग के नाम पर मनमानी कटौती की शिकायत मिली, जिसके बाद उन्हें यह निर्देश जारी करना पड़ा। एमडी ने मुख्य अभियंता एमएल शर्मा को निर्देश दिया कि जिस क्षेत्र में काम चल रहा हो, सिर्फ वहीं बिजली काटी जाए। पूरे फीडर की बिजली काटने की जरूरत नहीं है।
--------इंसेट----------
बिजली चोरी में तीन पर मुकदमा
इलाहाबाद, 5 जुलाई। बिजली चोरी के मामले में बृहस्पतिवार को हिम्मतगंज में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। तीनों ने कनेक्शन के बावजूद कटिया लगा रखी थी। खुसरोबाग के एसडीओे संजय शर्मा ने बताया कि तीनों उपभोक्ताओं के खिलाफ खुल्दाबाद थाने में बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
--------इंसेट----------
नैनी में लगा नया ट्रांसफार्मर
इलाहाबाद, 5 जुलाई। महाकुंभ के तहत सब स्टेशनों की क्षमता वृद्धि का काम बिजली विभाग ने शुरू करा दिया है। हालांकि विभाग अभी एक कदम ही आगे बढ़ा है। नैनी में 10 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है जबकि करेलाबाग, इंदलपुर, जेल रोड, सोमेश्वरनाथ, एनआईसी, कॉटन मिल, दारागंज, फोर्ट रोड, बैरहना, कीडगंज, फाफामऊ, मेयोहाल, अशोक नगर, नई झूंसी सब स्टेशन की भी क्षमता वृद्धि होनी है। एमडी एपी मिश्र ने दावा किया कि सभी स्थायी काम दो महीने के पूरे कर लिए जाएंगे।