सभी केंद्र( वाराणसी केंद्र के लिए खास)
--------------------------------------
बुआ-बबुआ की रिश्तेदारी बस 23 मई तक: योगी
सीएम ने भदोही लोकसभा क्षेत्र के भीटी में जनसभा को किया संबोधित
प्रयागराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को भदोही लोकसभा सीट के लिए हंडिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भीटी बाजार बर्दवारी में जनसभा को संबोधित करते हुए सपा-बसपा के महागठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा का महागठबंधन भ्रष्टाचार और अराजकता का योग है। इसकी वैधता सिर्फ 23 मई तक है। उसी दिन गांठ खुलेगी और बुआ-बबुआ की रिश्तेदारी भी टूट जाएगी।
सीएम योगी आदित्यनाथ भीटी बाजार में लोकसभा भदोही संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रमेश बिंद के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा की इस बेमेल रिश्तेदारी की कलई तो पहले ही खुल चुकी है। उन्होंने राज्य के किसानों एवं गरीबों के लिए चलाई जा रही योजनाओं को भी बताया। भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश मे विकास एवं सामाजिक समरसता की भी चर्चा की। जिसमें आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीबाें को पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज कराने की सुविधा दी गई है। उन्होंने किसान सम्मान निधि एवं उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में भी बताया। सीमंात किसानों का कर्ज भी माफी का जिक्र करना नहीं भूले। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि आगामी 12 मई को कमल के फूल का बटन दबाकर भाजपा के भदोही लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रमेश बिंद को जिताएं। आपका वोट सांसद ही नहीं बनाएगा बल्कि देश को प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी को दोबारा कमान सौंपेगा।