पारा चढ़ा पहाड़, सीजन का तोड़ा रिकार्ड
0 अप्रैल में ही 45 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
0 चिलचिलाती धूप झुलसाने लगी है चमड़ी
प्रयागराज। पुरवइया हवाओं का जोर कमजोर होने से पारा पहाड़ चढ़ रहा है। चिलचिलाती धूप चमड़ी झुलसाने लगी है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान ने सीजन का रिकार्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार अप्रैल महीने का सर्वाधिक गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 40.6 और न्यूनतम 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी प्रोफेसर एचएन मिश्रा के मुताबिक तापक्रम इसी तरह बढ़ता रहा तो अप्रैल में ही तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
एक से 11 अप्रैल तक अधिकतम तापमान चार बार 40 डिग्री सेल्सियस के पार गया। बृहस्पतिवार को यह आंकड़ा सबसे अधिक 40.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी उच्चतम स्तर पर बना रहा। यह स्थिति अभी तक एक बार बनी और दूसरे दिन बूंदाबांदी हो गई थी। आर्द्रता का अंतर भी इस कदर बढ़ा है कि सूखी गर्मी का प्रकोप तेज होने के संकेत मिले हैं।
बृहस्पतिवार को चिलचिलाती धूप शरीर पर चुभने वाली रही। स्कूल जाने में तो गनीमत रही लेकिन घर वापसी के समय बच्चों के चेहरे धूप से लाल हो गए। लोग दोपहर में छांव तलाशते रहे। शिकंजी, बेल का शर्बत बेचने वालों की दुकानदारी भी ठीकठाक रही।
मौसम विज्ञानी प्रोफेसर मिश्रा के मुताबिक गर्मी तेवर में आ रही है। हर दिन तापक्रम बढ़ने के संकेत हैं। इस बीच पहाड़ों पर मौसम बिगड़ा तो आंधी संग बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन तपिश से राहत की उम्मीद फिलहाल कम है।