आईईआरटी फाटक का बूम टूटा, दिन भर रही जाम की स्थिति
प्रयागराज। उत्तर रेलवे के प्रयाग रेलवे स्टेशन के निकट आईईआरटी रेल फाटक का बूम टूट जाने से वहां बृहस्पतिवार को दिन भर जाम की स्थिति रही। इस वजह से स्थानीय लोगों को खासी दिक्कत हुई। बाद में उत्तर रेलवे प्रशासन द्वारा बूूम की मरम्मत की गई। इसके बाद ही वहां स्थिति सामान्य हो सकी।
बताया जा रहा है कि बुधवार को ही इस रेल फाटक का बूम टूट गया था। इस वजह से वहां लंबा जाम लग गया। चार पहिया वाहनों को जहां आईईआरटी के आगे मजार क्रासिंग का सहारा लेना पड़ा तो वहीं दो पहिया वाहन चालक टूटे बूम के नीचे से ही गुजरने लगे। इस बीच बृहस्पवितार को रेलवे कर्मियों ने फाटक के बूम की मरम्मत की। इस दौरान सुबह स्कूली बच्चों एवं ऑफिस जाने वाले लोगों को दिक्कत हुई। बाद में फाटक की मरम्मत होने के बाद ही वहां ट्रैफिक सामान्य हो सका।