रेल कर्मियों को राहत, विभागीय परीक्षा के लिए मिलेगा क्वेश्चन बैंक
0 पदोन्नति और अनुकंपा नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थी अब जान सकेंगे परीक्षा का पैटर्न
0 एनसीआर की वेबसाइट पर लोड होगा क्वेश्चन बैंक, पीएनएम की बैठक में हुई थी मांग
इलाहाबाद। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) जोन के इलाहाबाद, झांसी एवं आगरा मंडल में कार्यरत रेलकर्मियों के लिए राहत भरी खबर। अब अनुकंपा भर्ती और विभागीय पदोन्नति परीक्षा के क्वेश्चन बैंक और पैटर्न की जानकारी रेलकर्मियों को काफी पहले ही मिल जाएगी। इस आधार पर वे परीक्षा की तैयारी भी कर सकेंगे। एनसीआर प्रशासन ने तय किया है कि ऐसी परीक्षाओं को क्वेश्चन बैंक एवं पैटर्न विभाग की वेबसाइट पर लोड किया जाएगा।
दरअसल रेलवे की तमाम विभागों की पदोन्नति परीक्षा में कई बार योग्य अभ्यर्थी परीक्षा में इसलिए सफल नहीं हो पाते क्योंकि उन्हें परीक्षा में आने वाले प्रश्नों एवं पैटर्न की जानकारी नहीं होती। उदाहरण के लिए रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के पीवे कैडर में पीडब्ल्यूएस का पद समाप्त होने के ट्रैकमैन सीधे जेई/पीवे बन सकते हैं। इस कैडर के लिए तमाम अभ्यर्थी इस वर्ष परीक्षा में शामिल हुए। लेकिन परीक्षा में आने वाले प्रश्नों एवं उनके मॉडल उत्तर की जानकारी न होने की वजह से उन्हें खासी दिक्कत हुई। यही स्थिति कई अन्य विभागों की भी रही। इस वजह से संरक्षा से जुड़े ये पद खाली ही रहे गए। इसे देखते हुए नार्थ सेंट्रल रेलवे इंपलाइज संघ (एनसीआरईएस) के पदाधिकारियों ने इस माह की शुरूआत में जीएम एनसीआर के साथ स्थाई वार्ता तंत्र (पीएनएम) की बैठक में मांग की गई कि अनुकंपा आधार और विभागीय पदोन्नति की परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए क्वेश्चन बैंक और पैटर्न की व्यवस्था की जाए। संघ के महामंत्री आरपी सिंह एवं उपाध्यक्ष आलोक सहगल ने बताया कि एनसीआर प्रशासन ने यह मांग मान ली है। जोन के वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी रवींद्र कुमार की ओर से पत्र जारी कर बताया कि विभागीय परीक्षा के लिए क्वेश्चन बैंक एनसीआर की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा।