एसआरएन गेट के बाहर दवा की तीन
दुकानों पर छापा, दवाओं के सैंपल लिए
0 एसीएम के साथ ड्रग इंस्पेक्टरों की टीम ने की कार्रवाई
0 अफरातफरी के बीच शटर गिराकर भागे दवा व्यवसायी
0 दो दुकानों पर नहीं मिले फार्मासिस्ट, दवा खरीद-बिक्री के अभिलेख थे अव्यवस्थित
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। नगर मजिस्ट्रेट के निर्देश पर ड्रग इंस्पेक्टरों की टीम ने रविवार को एसआरएन अस्पताल गेट के बाहर स्थित दवा की तीन दुकानों पर छापा मारा। इससे वहां मची अफरातफरी के बीच दवा की अन्य दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गईं। जांच के दौरान दो दुकानों पर फार्मासिस्ट नहीं मिले। दवा खरीद-बिक्री के अभिलेख और कैश मेमो भी अव्यवस्थित मिले। मौके पर तीनों दुकानों से दो-दो संदिग्ध औषधियों के नमूने लिए गए। दवाओं के सीज नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए राजकीय विश्लेषक को भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट ड्रग लाइसेंस अधिकारी (औषधि अनुपालन प्राधिकारी) और जिला प्रशासन को दी गई है।
ड्रग इंस्पेक्टर गोविंद लाल गुप्ता के मुताबिक नगर मजिस्ट्रेट के निर्देश पर एसीएम द्वितीय अर्पित गुप्ता और टीम सदस्यों के साथ एसआरएन अस्पताल के गेट पर पहुंचे। वहां एसीएम की मौजूदगी में अस्पताल गेट के बाहर स्थित उमा केमिस्ट, यादव केमिस्ट और शंकर मेडिकोज पर छापा मारा गया। तीनों मेडिकल स्टोरों पर दवा खरीद के अभिलेख अव्यवस्थित मिले। दवा बिक्री और कैश मेमो देने में भी अनियमितता सामने आई। जांच टीम में शामिल ड्रग इंस्पेक्टर मुकेश जैन के मुताबिक उमा केमिस्ट और शंकर मेडिकोज में फार्मासिस्ट उपस्थित नहीं मिले। छापे के दौरान तीनों दुकानों से दवाओं के दो-दो सैंपल लेकर सील किए गए। कार्रवाई के दौरान एसआरएन अस्पताल के बाहर दवाओं की दुकान चलाने वाले शटर गिराकर भाग निकले। लोग दूर से खड़े होकर जायजा लेते रहे।