डीए में दो फीसदी बढ़ोतरी के आसार
0 सातवें वेतन आयोग के अनुसार संशोधित वेतन और पेंशन पर एक जनवरी से लागू होना संभावित
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। इस बार महंगाई भत्ता (डीए) में दो फीसदी बढ़ोतरी के आसार हैं। विशेषज्ञों ने उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर यह अनुमान लगाया है, जो तय माना जा रहा है। केंद्रीय कर्मियों और पेंशनर्स को इसका लाभ एक जनवरी से मिलना संभावित है, जो सातवें वेतन आयोग के अनुसार बढ़े वेतन तथा पेंशन पर मिलेगा। इसका फायदा तकरीबन एक करोड़ केंद्रीय कर्मियों तथा राज्य कर्मचारियों को होगा।
महंगाई भत्ता का निर्धारण औद्योगिक श्रमिकों के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर होता है। पिछले वर्ष के अलग-अलग महीनों में यह 274 से 288 के बीच रहा। नवंबर में यह 288 अंक रहा। सिविल एकाउंटेंट ब्रदरहूड के पूर्व अध्यक्ष हरिशंकर तिवारी ने बताया कि यदि दिसंबर में भी 288 ही सूचकांक रहा तो पूरे वर्ष का कुल योग 3376 अंक होगा। इस पर निर्धारित फार्मूला के तहत महंगाई भत्ता 7.62 फीसदी होगा। नियमानुसार पूर्णांक में यानी, एक जनवरी से सरकारी कर्मियों को सात फीसदी महंगाई भत्ता मिलना चाहिए। अभी पांच फीसदी महंगाई भत्ता मिल रहा है। इस तरह से इसमें दो फीसदी की बढ़ोतरी संभावित है। हरिशंकर तिवारी का कहना है कि यदि दिसंबर के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक में 20 अंक की कमी आ जाए तो देय महंगाई भत्ता सात फीसदी से नीचे हो जाएगा। ऐसी स्थिति में महंगाई भत्ता में एक ही फीसदी की बढ़ोतरी होगी लेकिन यह अपरिहार्य है। इसलिए महंगाई भत्ता में दो प्रतिशत की ही बढ़ोतरी संभावित है।