prayagraj news : आर्मी अस्पताल में शुरु हुआ कोरोना वैक्सीनेशन, सबसे पहले ब्रिगेडियर सुदीप भंडारी को लगी कोरोना वैक्सीन।
- फोटो : prayagraj
सेना और एयरफोर्स के डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ के लिए कोरोना टीकाकरण का काम सोमवार को शुरू किया गया। सेना अस्पताल के कमांडर
बिग्रेडियर सुंदीप भंडारी को पहला टीका लगाया गया। पहले दिन 160 लोगों को कोविड वैक्सीनेशन का सुरक्षा चक्र मिला। टीकाकरण के बाद किसी सैन्य कर्मी को किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई।
केंद्रीय कोविड वैक्सीन भंडार से सोमवार सुबह सेना अस्पताल के कमांडर सुंदीप भंडारी ने टीम सदस्यों के साथ कोविड वैक्सीन की 900 डोज प्राप्त कीं। नोडल अधिकारी कोविड वैक्सीनेशन डॉ. राहुल सिंह ने वैक्सीन के लिए विशेष कोल्ड बॉक्स में कोविड वैक्सीन की डोज कमांडर के सुपुर्द कीं।
शासन के निर्देश पर सेना और एयरफोर्स के डॉक्टरों, हेल्थ वर्करों के लिए कोविड वैक्सीन देने के निर्देश थे। वैक्सीन प्राप्त कर सेना अस्पताल के आईएलआर में रखी गईं। वहीं वैक्सीनेशन के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए चयनित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को टीकाकरण के लिए बुलाया गया। न्यू कैंट के सेना अस्पताल में पहला टीका ब्रिगेडियर सुंदीप भंडारी को लगाया गया। इसके बाद सेना और एयरफोर्स के डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना टीका लगाया गया। पहले दिन कुल 160 लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई।
इनमें 60 डोज एयरफोर्स, 50 डोज न्यू कैंट और 50 डोज ओल्ड में कार्यरत चिकित्सकीय स्टाफ को लगाई गई। जानकारी के मुताबिक चार दिन तक इन स्थानों पर कोरोना वैक्सीन लगाने का काम किया जाएगा। वैक्सीनेशन का काम स्थानीय नहीं उच्च स्तर से जारी आदेश के तहत होगा।