भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) में सीनियर्स को पीटने के आरोप में सीनेट की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई है। 26 जनवरी को संस्थान के जूनियर और सीनियर छात्रों के बीच मारपीट के मामले में संस्थान प्रशासन ने नौ छात्रों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबित छात्रों में एक छात्रा भी शामिल है। सीनेट की बैठक में इन छात्रों पर अलग-अलग निलंबन की कार्रवाई की गई है।
मारपीट के दौरान घटना स्थल पर मौजूद एक छात्र को एक सेमेस्टर के लिए प्रोबेशन पर रखा गया है।ट्रिपलआईटी के ज्वाइंट रजिस्ट्रार पीके सैनी ने बताया कि इलेक्ट्रानिक एवं कम्युनिकेशन( ईसी) ब्रांच के दूसरे वर्ष के अभिषक राय और श्रेयांश सिंह को संस्थान से 31 दिसंबर 2021 तक के लिए निलंबत किया गया है। इन दोनों छात्रों को संस्थान की किसी सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा। इनफारमेशन टेक्नॉलाजी ( आईटी ) ब्रांच के दिनेश चंद्रा को 15 मई 2021 तक, ईसी ब्रांच के ही किशन सिंह एवं हर्ष सिंह पर 30 दिसंबर 2020 तक निलंबन की कार्रवाई की गई है। आईटी बीटेक तीसरे वर्ष के अनुज कुमार और अभिषेक एवं ईसी बीटेक दूसरे वर्ष की छात्रा पर 15 मई 2020 तक कार्रवाई की गई थी, उनका निलंबन पूरा हो गया है। घटना स्थल पर मौजूद
नेत्रानंद पाठक को एक सेमेस्टर के लिए प्रोबेशन पर रखा गया है। यह निर्णय 25 मई को हुई सीनेट की बैठक में लिया गया।