प्रतापगढ़। शहर के मीराभवन इलाके में शनिवार दोपहर बंधन बैंक से चार नकाबपोश असलहाधारी बदमाशों ने सवा लाख रुपये लूट लिए। इस दौरान विरोध करने पर बैंक मैनेजर और कैशियर के साथ ग्राहकों की जमकर पिटाई कर दी। बदमाश भागते समय सीसीटीवी कैमरे की स्वीच भी उखाड़ ले गए। दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस के साथ एएसपी मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन शुरू कर दी।
नगर कोतवाली के मीराभवन चौराहे के समीप एक भवन के दूसरे तल पर बंधन बैंक है। शनिवार दोपहर करीब एक बजे बैंक के कर्मचारी कामकाज निपटा रहे थे। बैंक में सात-आठ ग्राहक भी थे। इस बीच दो बाइक से चार बदमाश वहां पहुंचे। तीन ने चेहरे पर नकाब जबकि एक ने हेलमेट पहन रखा था। चारों ने बैंक में पहुंचते ही कर्मचारियों व ग्राहकों पर असलहा तान दिया। बदमाश कैश लूटने लगे तो मैनेजर सुरेंद्र प्रसाद, कैशियर रीना वर्मा, कर्मचारी कृष्ण मुरारी तथा नीरज गुप्ता विरोध करने लगे। इस पर बदमाशों ने तमंचा सटाकर उनकी पिटाई शुरू कर दी। बैंक के काउंटर पर खड़े ग्राहकों को भी पीटकर किनारे कर दिया। इसके बाद बदमाश काउंटर से 1 लाख 23 हजार 650 रुपये लूटकर नीचे खड़ी बाइक से कंपनी गार्डेन की ओर भाग निकले।
पहचान छिपाने के लिए बदमाश मैनेजर के पास रखे कंप्यूटर से सीसीटीवी कैमरा की स्वीच भी उखाड़ ले गए। बैंक में लूटपाट की जानकारी मैनेजर ने पास-पड़ोस के दुकानदारों को दी। बैंक में दिनदहाड़े लूट की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। किसी ने फोन पर पुलिस को बैंक में हुए लूटपाट के बारे में बताया। खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस के साथ एएसपी अवनीश मिश्र मौके पर पहुंचे। आरोपियों की खोजबीन के साथ ही मामले की पड़ताल शुरू कर दी।