11वीं में फेल छात्रों के अभिभावकों ने स्कूल में किया हंगामा
विद्यालय प्रशासन पर लगाए आरोप, 12वीं क्लास में प्रमोट करने की मांग
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला, शांत होकर लौटे अभिभावक
नैनी (ब्यूरो)। क्षेत्र के जेल रोड पुलिस चौकी के समीप स्थित बेथनी कांवेंट स्कूल में शनिवार को 11वीं की वार्षिक परीक्षा में फेल हुए छात्रों के अभिभावकों ने जमकर हंगामा किया। स्कूल की प्रधानाचार्या और उनके स्टाप ने आवेशित अभिभावकों को बहुत समझाने का प्रयास किया लेकिन वह मान नहीं रहे थे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घंटों चली पंचायत के बाद रिटेस्ट कराने की बात पर अभिभावक माने।
बतातें चलें कि बेथनी कांवेंट स्कूल का हाल ही में रिजल्ट घोषित हुआ, जिसमें एक दर्जन बच्चे फेल हो गए थे। विद्यालय प्रशासन के अनुसार इनमें अधिकांश बच्चे दो से अधिक विषय में फेल हैं बावजूद इसके उन्हें एक मौका देने के लिए दोबारा रिटेस्ट कराया गया, जिसमें छह लड़के पास हो गए लेकिन छह लड़के फिर फेल हो गए। दोबारा फेल हुए बच्चों के अभिभावक रिटेस्ट प्रक्रिया पर सवाल खड़ा करके शनिवार को हंगामा कर रहे थे। उनका कहना था कि किसी भी सूरत में उनके बच्चों को प्रमोट करके 12वीं कक्षा में प्रवेश दिया जाय, जबकि विद्यालय प्रशासन का कहना था कि आखिर तीन-तीन विषयों में फेल छात्र-छात्राओं को हम कैसे प्रमोट कर दें। प्रींसिपल ने सभी अभिभावकों को पुलिस की मौजूदगी में उनके बच्चों की वार्षिक परीक्षा और रिटेस्ट की कापी चेक कराई, जिसमें दोनों परीक्षाओं में उक्त छात्र फेल पाए गए। इसमें एक-दो लड़कों की फीस भी नहीं जमा हुई थी। अभिभावकों का आरोप था कि उनके बच्चों के साथ ज्यादती की जा रही है। जबकि प्रींसिपल सिस्टर शिल्पा और क्लास टीचर सिस्टर अतिभा लगातार अभिभावकों को समझाने की कोशिश करते रहे। मौके पर पहुंचे एसएसआई अरविंद सिंह व अन्य की टीम में यह तय हुआ कि तीन प्रमुख विषयों में फेल सभी बच्चों का 13, 14 और 15 मार्च को कैमरे की निगरानी में रिटेस्ट परीक्षा कराई जाएगी। अगर इस बार भी बच्चे फेल हो गए तो फिर अभिभावक स्कूल प्रशासन पर प्रेशर नहीं बनाएंगे। पुलिस के समझाने के बाद किसी तरह से अभिभावक माने और स्कूल से गए।
...............................................................
वर्जन
................
11वीं क्लास के कुछ बच्चे एक दो नहीं बल्कि तीन प्रमुख विषयों में फेल हो गए। अभिभावकों के अनुरोध और बच्चों का एक साल खराब न हो, इसके लिए सीबीएसई बोर्ड से अनुमति लेकर उसकी गाइडलाइन के अनुसार इन फेल हुए बच्चों का रिटेस्ट कराया जाएगा।
सिस्टर शिल्पा
प्रींसिपल बेथनी कांवेंट स्कूल
नैनी, प्रयागराज।
............................................................................