घर का ताला तोड़कर उड़ाई नकदी और जेवरात
कर्नलगंज इलाके में खाली घर में घुसे चोर
प्रयागराज। थाना कर्नलगंज के बलरामपुर हाउस मोहल्ले में चोरों ने सूने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात समेत नकदी उड़ा दी। घटना की सूचना मिलने पर भवन स्वामी के होश उड़ गए। आनन-फानन में वह घर लौट आए। उनकी तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
साफ्टवेयर डेवलपर का काम करने वाले दिवाकर श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ बलरामपुर मोहल्ले में रहते हैं। दिवाकर के मुताबिक 29 दिसंबर को पूरे परिवार के साथ वह मुंबई में अपनी बहन के पास गए थे। इस दौरान घर में ताला बंद था। दिवाकर का कहना है 7 जनवरी की रात घर का ताला तोड़कर चोर भीतर घुस गए। अंदर आलमारी में करीब 50-60 हजार रुपये नकद समेत सोने के आभूषण रखे थे। चोर अपने साथ पूरी नकदी और आभूषण समेट ले गए। पड़ोसियों ने सुबह उनको फोन पर वारदात की खबर दी। चोरी की सूचना मिलते ही वह प्रयागराज वापस लौट आए। यहां पूरा घर बिखरा पड़ा था। आलमारी और दरवाजों का ताला टूटा पड़ा था। पास के घर में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था लेकिन भवन स्वामी ने फुटेज देने से इंकार कर दिया। भुक्तभोगी ने कर्नलगंज थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।