विपणन अधिकारियों का कार्य
बहिष्कार जारी, धान खरीद ठप
0 एफसीआई भी कार्य बहिष्कार में शामिल, राइस मिलर्स पहले से हड़ताल पर
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। वेतन संशोधन समेत 22 सूत्रीय मांगों को लेकर खाद्य विभाग के विपणन अधिकारियों और निरीक्षकों का कार्य बहिष्कार शनिवार को भी जारी रहा। इसकी वजह से धान खरीद का काम ठप रहा तथा गोदामों से खाद्यान्न की निकासी नहीं हुई। ऐसे में इस महीने सरकारी दुकानों से अनाज का वितरण होना मुश्किल है। आंदोलन में एफसीआई के कर्मचारी भी शामिल हो गए हैं। कई अन्य संगठनों ने भी वर्क टू रूल की घोषणा की है।
धान खरीद के मानक में परिवर्तन समेत विभिन्न मांगों को लेकर राइस मिलर्स पहले से हड़ताल पर हैं। इससे धान की कुटाई ठप है। इसी क्रम में यूपी फूड एंड सिविल सप्लाइज के आह्वान पर विपणन अधिकारियों और निरीक्षकों ने भी कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। इसमें शामिल विपणन अधिकारियों और निरीक्षकों का क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में जमावड़ा हुआ। अफसरों ने दावा किया कि सभी क्रय केंद्र बंद हैं और धान की खरीद ठप है। उन्होंने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की घोषणा की। कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन में मंडलीय अध्यक्ष अनिल साहू, अनिल आजाद, केदारनाथ यादव, सुभाष यादव, सत्येंद्र, राकेश सिंह आदि शामिल रहे।