मंझनपुर (ब्यूरो)। पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के महगांव निवासी एक अधेड़ पर शनिवार सुबह भतीजों ने जमीन के विवाद को लेकर कातिलाना हमला कर दिया। कुल्हाड़ी से सिर फोड़ दिया। पीड़ित को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। उसकी तहरीर लेकर मामले की जांच की जा रही है।
महगांव निवासी कमलेश कुमार पुत्र महिपाल ने बताया कि बड़े भाई से बंटवारे को लेकर उसका विवाद चल रहा है। इसे लेकर आए दिन वह और उसके लड़के अपशब्द कहते हैं। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। पीड़ित के मुताबिक शनिवार सुबह भी भतीजे गाली-गलौच कर रहे थे। ऐतराज जताने पर लाठी-डंडा व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। चीख-पुकार पर ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह अधेड़ की जान बचाई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल अधेड़ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में पूरामुफ्ती इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।