नहीं जमा हुआ ऑनलाइन शुल्क, विधि में दाखिले अटके
अभिलेखों का सत्यापन होने के बावजूद भटकते रहे छात्र
आज से बीकॉम और बीएससी में भी प्रवेश के लिए सत्यापन
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में बीए, बीएससी, बीकॉम, बीएएलएलबी, एलएलबी और एलएलएम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग चल रही है। शुक्रवार को बीएएलएलबी, एलएलबी और एमएमएल में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों ने अभिलेखों का सत्यापन तो करा लिया लेकिन तकनीकी दिक्कतों के कारण ऑनलाइन शुल्क जमा न हो पाने के कारण विधि विभाग में उनका अंतिम रूप से दाखिला नहीं हो सका। बैंकिंग नेटवर्क ठीक से काम न करने के कारण ऐसा हुआ। इविवि प्रशासन के अफसरों ने संबंधित बैंक के प्रतिनिधियों से इस बारे में बात की है। शनिवार को सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
पहले चरण की काउंसलिंग के बाद शुक्रवार को बीएएलएल में प्रवेश के लिए 20 अभ्यर्थी, एलएलबी में प्रवेश के लिए 88 और एलएलएम में प्रवेश के लिए 18 अभ्यर्थी अभिलेखों का सत्यापन कराने इविवि के प्रवेश भवन पहुंचे। अभिलेखों के सत्यापन के बाद शुक्रवार को ही अभ्यर्थियों को ऑनलाइन शुल्क जमा करना था और फीस रसीद दिखाकर प्रवेश लेना था। ऑनलाइन शुल्क जमा करने के लिए इविवि प्रशासन ने जिस निजी क्षेत्र के बैंक से करार रखा था, उसका बैंकिंग नेटवर्क ठीक से काम नहीं कर रहा था। ऐसे में कोई अभ्यर्थी शुल्क नहीं जमा सका और विधि विभाग में दाखिले नहीं हो सके। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. एचएस उपाध्याय ने बताया कि मामले में संबंधित बैंक के प्रतिनिधियों से बात की गई है।
उन्होंने शनिवार से स्थिति में सुधार लाने के लिए आश्वस्त किया है। प्रो. उपाध्याय के अनुसार शनिवार से बीकॉम और बीएससी में भी प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों के अभिलेखों का ऑनलाइन सत्यापन शुरू हो जाएगा जबकि बीए में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन 12 जुलाई से शुरू होगा। सत्यापन के दौरान बीए और बीएससी के छात्रों को ऑनलाइन काउंसलिंग की अंतिम तिथि पूर्ण होने के बाद निर्गत होने वाले इंटीमेशन कार्ड का प्रिंट आउट प्रवेश भवन के काउंटर पर प्रस्तुत करना होगा। इस कार्ड में अभ्यर्थियों को आवंटित विषय संयोजन एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का उल्लेख है।
00
पुरानी व्यवस्था के तहत प्रवेश की मांग
- इविवि के छात्र नेताओं ने शुक्रवार को प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. एचएस उपाध्याय को ज्ञापन देकर पुरानी व्यवस्था के तहत प्रवेश प्रक्रिया लागू किए जाने की मांग की। छात्र नेताओं का कहना था कि ऑनलाइन व्यवस्था में तमाम खामियां हैं और अभ्यर्थियों को दिक्कत झेलनी पड़ रही है। ज्ञापन देने वालों में राघवेंद्र यादव, अदील हमजा, राहुल रुद्र, अरविंद सरोज, मोहम्मद इमदाद, अदनान, फरहान आदि शामिल रहे।
00
जेटी ने जारी किए कटऑफ अंक
- जगह तारन गर्ल्स डिग्री कॉलेज ने बीए एवं बीकॉम में प्रवेश के लिए कटऑफ अंक जारी कर दिए हैं। बीए में नौ जुलाई को सभी श्रेणियों में 110 या इससे अधिक पाने वाली छात्राओं एवं एसटी वर्ग की सभी छात्राओं और 10 जुलाई को सभी श्रेणियों में 100 या अधिक अंक पाने वाली एवं एसटी वर्ग की सभी छात्राओं का प्रवेश होगा। वहीं, बीकॉम में नौ जुलाई को सभी श्रेणियों में 130 या अधिक अंक पाने वाली एवं एसटी वर्ग की सभी छात्राओं और 10 जुलाई को सभी वर्गों में 110 या अधिक अंक पाने वाली एवं एसटीवर्ग की सभी छात्राओं का प्रवेश होगा। काउंसलिंग के लिए छात्राओं को सुबह नौ बजे कॉलेज में आवश्यक प्रपत्रों के साथ रिपोर्ट करना है। इसके अलावा कॉलेज में एमए संस्कृत एवं एमए अर्थशास्त्र में प्रवेश नौ जुलाई से शुरू होने जा रहा है। इविवि की प्रवेश परीक्षा में शामिल सभी छात्राएं सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक कॉलेज में आवश्यक प्रपत्रों के साथ संपर्क करें।
00
कुलभास्कर में प्रवेश के लिए आवेदन की आज अंतिम तिथि
- कुलभास्कर आश्रम पीजी कॉलेज में एमएसस कृषि एवं बीएससी कृषि ऑनर्स में प्रवेश के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन फॉर्म सात जुलाई तक प्राप्त एवं जमा किए जाएंगे। प्राचार्य डॉ. ज्योति शंकर के अनुसार प्रवेश परीक्षा 15 जुलाई को आयोजित की जाएगी।