गंगा एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा विंध्य एक्सप्रेस-वे
प्रस्तावित मार्ग की एक प्रमुख विशेषता इसका गंगा एक्सप्रेस-वे से जुड़ाव है। प्रयागराज के सोरांव में गंगा एक्सप्रेस-वे के अंतिम बिंदु से विंध्य एक्सप्रेस-वे की शुरुआत प्रस्तावित है। इससे दोनों एक्सप्रेस-वे के माध्यम से लंबी दूरी की सड़क कनेक्टिविटी विकसित करने की योजना है। इस संपर्क मार्ग से दिल्ली और उत्तराखंड की ओर से आने वाले यात्रियों को प्रयागराज के रास्ते सोनभद्र तथा उससे लगे राज्यों तक पहुंचने का वैकल्पिक और सीधा सड़क मार्ग मिल सकेगा। यूपी के सोनभद्र की सीमा से लगे मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार की सीमा से लगे क्षेत्रों को भी मिलेगा।
औद्योगिक गतिविधियों व धार्मिक पर्यटन को मिलेगी गति
विंध्य एक्सप्रेस-वे का संभावित प्रभाव केवल सड़क परिवहन तक सीमित नहीं रहेगा। बेहतर सड़क संपर्क से प्रयागराज, सोनभद्र और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों, माल परिवहन और क्षेत्रीय व्यापार को सुविधा मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से सोनभद्र की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए पड़ोसी राज्यों के साथ आवागमन और संपर्क में सुधार हो सकता है। इसके अतिरिक्त, प्रयागराज में महाकुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान भी यह मार्ग उपयोगी साबित होगा। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार से आने वाले श्रद्धालुओं को प्रयागराज पहुंचने के लिए एक अतिरिक्त सड़क संपर्क का विकल्प उपलब्ध होगा।