फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इविवि की प्रवेश परीक्षा देने पहुंचे 80 फीसदी अभ्यर्थी

Mon, 28 Sep 2020 09:54 AM IST
इलाहाबाद ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : पेक्सेल्स
विज्ञापन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक कॉलेजों में बीए, बीपीए, बीएफए और बीएएलएलबी में प्रवेश के लिए रविवार को आयोजित प्रवेश परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थिति उत्साहजनक रही। 80.35 फीसदी अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा में शामिल होने पहुंचे। सुबह 9.30 से 1.30 बजे की पाली में बीए, बीएफए, बीपीए और दोपहर दो से शाम चार बजे की पाली में बीएएलएलबी की प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। दोनों परीक्षाएं ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनो मोड में हुई। ऑनलाइन के मुकाबले ऑफलाइन परीक्षा में उपस्थित बेहतर रही।
विज्ञापन


प्रवेश परीक्षा 11 शहरों प्रयागराज, बंगलुरू, दिल्ली, गोरखपुर, झांसी, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, पटना, तिरुवनंतपुरम और वाराणसी के 102 केंद्रों में आयोजित की गई। इनमें बंगलुरू, दिल्ली एवं तिरुवंनतपुरम में केवल ऑनलाइन मोड और बाकी शहरों में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों मोड में प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। प्रवेश परीक्षा के लिए निर्धारित कुल 69 ऑफलाइन और 33 ऑनलाइन सेंटर बनाए गए थे। परीक्षा के लिए कुल 41125 अभ्यर्थी पंजीकृत थे और इनमें से 33046 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।

ऑफलाइन परीक्षा के लिए पंजीकृत 33969 अभ्यर्थियों में से 27833 अभ्यर्थियों ने अपनी हाजिरी लगाई। यानी उपस्थित 81.93 फीसदी रही। वहीं, ऑनलाइन परीक्षा के लिए 7156 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था और इनमें से 72.84 फीसदी यानी 5213 ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। ऑनलाइन परीक्षा के मुकाबले ऑफलाइन प्रवेश परीक्षा में उपस्थिति बेहतर रही।
विज्ञापन


ऑफलाइन मोड की पहली पाली की परीक्षा के लिए पंजीकृत 27779 में से 22762 अभ्यर्थी (81.94 फीसदी) उपस्थित रहे, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा के लिए पंजीकृत 6190 में से 5071 अभ्यर्थियों (81.92) अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं, ऑनलाइन मोड की पहली पाली की परीक्षा में पंजीकृत 5284 में से 3809 अभ्यर्थी (72.9 फीसदी) और दूसरी पाली की परीक्षा में पंजीकृत 1872 में से 1404 अभ्यर्थी (75 फीसदी) उपस्थित रहे।

संतुलित और सामान्य रहा पेपर
बीए, बीपीए, बीएफए और बीएएलएलएम के पेपर में 150-150 सवाल थे और प्रत्येक सवाल दो अंकों का था। बीए और बीएएलएलबी का पेपर संतुलित एवं सामान्य रहा। अभ्यर्थियों ने बताया कि बीए, बीपीए और बीएफए की परीक्षा में सामान्य ज्ञान और रिजनिंग के सवाल संतुलित थे। माइनस मार्किंग न होने से अभ्यर्थियों ने सभी सवाल हल किए।

बीए, बीपीए और बीएफए के पेपर में हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में से किसी एक में 25 सवाल, सामान्य ज्ञान के 25, रिजनिंग के 25 सवाल और आठ विषयों नागरिका शास्त्र, अर्थशास्त्र, भूगोल, इतिहास, तर्कशास्त्र, संस्कृत, उर्दू एवं विजुअल आट्र्स में से किन्हीं तीन विषयों के 25-25 सवाल हल करने थे। बीएफए के छात्रों के लिए विजुअल आट्र्स के सवाल हल करने अनिवार्य थी। वहीं, बीएएलएलबी में हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा से 25-25 सवाल, रिजनिंग एवं मेंटल एबिलिटी के 25 सवाल, लीग एप्टीट्यूड के 25 और सामान्य ज्ञान के 50 सवाल हल करने थे।

बंगलूरू और तिरुवनंतपुरम ने किया निराश
इविवि की प्रवेश परीक्षा में उपस्थित के मामले में बंगलूरू और तिरुवनंपुरम के अभ्यर्थियों ने निराश किया। दोनों जगह केवल ऑनलाइन केंद्र बनाए गए थे। तिरुवनंतपुरम से पहली पाली की परीक्षा में चार और दूसरी पाली की परीक्षा में एक अभ्यर्थी को शामिल होना था। दोनों पालियों में उपस्थिति शून्य रही। वहीं, बंगलुरू में पहली पाली की परीक्षा के लिए पंजीकृत दो अभ्यर्थियों में से किसी ने परीक्षा नहीं दी, जबकि दूसरी पाली में हुई बीएएलएलबी की परीक्षा के लिए पंजीकृत आठ में से केवल दो अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

दूसरे दिन भी परीक्षार्थियों को बांटे गए मास्क
इविवि की प्रवेश परीक्षा के दूसरे दिन भी परीक्षा केंद्रों में सभी परीक्षार्थियों को मास्क बांटे गए। कई परीक्षार्थी पुराने मास्क पहनकर पहुंचे थे। उनसे पुराना मास्क उतारकर नया मास्क पहनने को कहा गया। परीक्षा केंद्रों को सैनिटाइज भी किया गया। इविवि प्रशासन ने इस बार जिस एजेंसी को परीक्षा का टेंड्रर दिया है, उसकी शर्तों में शमिल था कि परीक्षा के दौरान केंद्रों में कोविड-19 की गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन किया जाएगा।

एलएलबी की प्रवेश परीक्षा कल
इविवि एवं संघटक कॉलेज में एलएलबी तीन वर्षीय पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए 29 सितंबर को परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा सभी 11 शहरों में ऑनलालइन और ऑफलाइन मोड में कराई जाएगी। परीक्षा के लिए कुल 14622 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 10931 अभ्यर्थी ऑफलाइन और 3691 अभ्यर्थी ऑनलाइन परीक्षा देंगे। प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 56 सेंटर बनाए जाएंगे, जिनमें ऑफलाइन और ऑनलाइन परीक्षा के लिए 28-28 सेंटर होंगे। एलएलबी की प्रवेश परीक्षा दूसरी शिफ्ट दोपहर दो से चार बजे पाली में होगी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें