रीवा राजमार्ग को जोड़ने वाली गींज से सड़वा आठ किमी लंबी सड़क को ठेकेदार ने छह महीने पहले खोदकर छोड़ दिया है। मार्ग से आवागमन के दौरान हर जगह गड्ढे होने से राहगीरों का राह चलना कठिन हो रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को झेलनी पड़ती है। लोगों ने बताया कि रोजाना राहगीर दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं।
ग्रामीण पुष्पराज बिंद, राकेश, राम गुलाब, मनोज कुमार ने बताया कि ठेकेदार ने सड़क की मरम्मत के लिए सड़क खोद दिया था। जिसके बाद से अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। स्थानीय तहसील प्रशासन से शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं कराया जा रहा है।
सड़क खराब होने से आवागवन प्रभावित है। बीच में दो किमी तक सड़क बनाई गई वह भी मानक और गुणवत्ता के विपरीत होने से सड़क उधड़ गई है। बाइक और साइकिल सवार परेशान हो रहे है। सड़क के मरम्मत के लिए कई बार शिकायत की गई लेकिन समाधान नहीं हो रहा है।
ग्रामीण विजय प्रकाश कुशवाहा
सड़क पर गड्ढे होने से स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक कि स्कूल भी समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। सड़क की मरम्मत तुरंत कराई जाए।
ग्रामीण अमित कुमार
यह सड़क बाजार और राजमार्ग को जोड़ने का मुख्य मार्ग है। हजारों की संख्या में लोगों का प्रतिदिन आवागमन होता है। जर्जर सड़क से ग्रामीण हादसे का शिकार हो रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार लापरवाह बने हुए है।
ग्रामीण राजेश पांडे
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अवर अभियंता घनश्याम गुप्ता का कहना है कि फाइल संस्तुति के लिए शासन को भेजी गई थी, संस्तुति मिल गई है। जल्द ही सड़क की मरम्मत शुरू हो जाएगी।