माघ मेले में 8 केंद्रों पर होगी कोविड जांच व्यवस्था
प्रयागराज। माघ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कोरोना जांच और टीकाकरण की व्यवस्था होगी। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से माघ मेला में कोरोना जांच के लिए कुल 8 केंद्र बनाए जाएंगे। जहां पर मरीजों की कोरोना सैंपलिंग की जाएगी। साथ ही टीकाकरण के लिए तीन केंद्र अलग-अलग स्थानों पर बनाए जाएंगे।
माघ मेले की तैयारियों को लेकर सीएमओ डॉ. नानक सरन ने बताया कि इस बार माघ मेले में कुल 2 बड़े अस्पतालों का निर्माण होगा। दोनों अस्पतालों में 20-20 बेड के वार्ड होंगे। जहां पर जरूरत के हिसाब से मरीज को भर्ती कराया जा सकेगा। साथ ही मेला क्षेत्र में कुल 20 ओपीडी वाले स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही मेले में सफाई आदि की व्यवस्था के लिए भी विशेष तैयारियां की गई हैं। सीएमओ ने बताया कि मेले की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कमिश्नर की समीक्षा बैठक में कार्यों को तेजी से पूरा कराने का निर्देश दिया गया है।