फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीसीएस जे : प्री और मेंस में साथ बैठे आठ अभ्यर्थी पास

Sat, 15 Jun 2019 11:50 PM IST
विनोद सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
UPPSC
विज्ञापन

पीसीएस जे 2018 की मुख्य परीक्षा के परिणाम को लेकर हुआ विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि एक ही कमरे में साथ बैठे आठ अभ्यर्थी पहले प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुए और इसके बाद मुख्य परीक्षा में भी पास हो गए। साथ ही प्री में सफल घोषित किए गए 45 में से 35 अभ्यर्थियों के मुख्य परीक्षा में सफल होने पर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं इस मामले अभ्यर्थी 17 जून को सुबह दस बजे आयोग में प्रदर्शन करेंगे। 

विज्ञापन


अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा के परिणाम पर सवाल उठाते हुए परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि रोल नंबर की एक शृंखला में 378 अभ्यर्थियों में से 45 अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक परीक्षा में सफलता हासिल की और इनमें से मुख्य परीक्षा में 35 अभ्यर्थी सफल घोषित कर दिए गए। अभ्यर्थियों का कहना है कि इनमें से भी तमाम अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में एक ही कमरे में बैठे थे। इसके अलावा आठ अभ्यर्थी ऐसे हैं, जो प्रारंभिक परीक्षा एवं मुख्य परीक्षा में एक ही कमरे में बैठे और सभी आठ अभ्यर्थियों को प्री और मेंस में सफल घोषित कर दिया गया। 

इस बार नए अभ्यर्थियों का चयन अधिक संख्या में होने पर भी सवाल उठ रहे हैं। छात्रों का कहना है कि जो अभ्यर्थी दो-तीन साल से लगातार मेंस में सफल हो रहे हैं और इंटरव्यू में शामिल हो रहे हैं, उन्हें इस बार मेरिट से बाहर कर दिया गया। इनमें से कई एपीओ के पद पर चयनित हो चुके हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे अपनी कॉपियां देखने के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में आरटीआई के तहत आवेदन करेंगे और न्यायालय की शरण में भी जाएंगे। अभ्यर्थियों ने इस मामले में बार कौंसिल ऑफ इंडिया और उत्तर प्रदेश बार कौंसिल को भी पत्र लिखा है।
विज्ञापन


पीसीएस जे की कॉपी दिखाने का अधिकार आयोग को नहीं - सचिव
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सचिव जगदीश का कहना है कि आयोग आरटीआई के तहत पीसीएस जे को छोड़कर अन्य सभी परीक्षाओं की कॉपियां दिखा सकता है। पीसीएस जे परीक्षा की कॉपियां दिखाने का अधिकार आयोग के पास नहीं है। इसके लिए अभ्यर्थियों को न्यायालय में रिट दाखिल करनी होगी। प्रावधान है कि अंतिम चयन परिणाम आने के बाद न्यायालय के आदेश पर आयोग पीसीएस जे की कॉपियां दिखा सकता है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें