इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के 76 साल पुराने गृह विज्ञान विभाग का नाम बदल दिया गया है और अब यह ‘डिपार्टमेंट ऑफ फैमिली एंड कम्युनिटी साइंसेज’ कहलाएगा। इविवि की कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने यूजीसी के नियमों के तहत जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार इविवि प्रशासन को इस विभाग का नाम बदलने की कार्यवाही शुरू करने के आदेश दिए हैं।
गृह विज्ञान विभाग की नींव आजादी से दो साल पहले 1945 में रखी गई थी। इसका उद्देश्य भारतीय महिलाओं को शिक्षित करना था। वर्ष 1969 में इसी भवन में बॉयोकेमेस्ट्री विभाग की स्थापना की गई और बॉयोकेमेस्ट्री एवं गृह विज्ञान विभाग एक हो गया। वर्ष 2000 में गृह विज्ञान को स्वतंत्र विभाग बना दिया गया। तब विभाग में तीन वर्षीय बीएससी होम साइंस पाठ्यक्रम संचालित किया जाता था और विभाग में केवल एक नियमित शिक्षक की नियुक्ति हुई थी। 2007 में विभाग में एक लाइब्रेरी, चार प्रयोगशाला, चार क्लासरूम का निर्माण कराया गया और वर्ष 2008 में परास्नातक पाठ्यक्रम को मंजूरी दे दी गई।
शुक्रवार को गृह विज्ञान विभाग में कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इविवि के इसी विभाग ने उन्होंने अपने 31 वर्षों के अध्यापन कार्य का अनुभव साझा करते हुए नई शिक्षा नीति के महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। इस दौन विभाग के नवनिर्मित सेमिनार हाल का उद्घाटन भी किया गया। इस मौके पर डीन साइंस प्रो. शेखर श्रीवास्तव, प्रो. एसआई रिजवी आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ. मनीषा सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. इना गुप्ता ने किया।