पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
अभिभावकों ने जब संस्थान के प्रयागराज व दिल्ली स्थित संस्थान के पदाधिकारियों से संपर्क किया तो संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। मैनेजिंग डायरेक्टर डीके गोयल, मुख्य वित्तीय अधिकारी राजीव बब्बर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मनीष आनंद व संस्था की प्रयागराज शाखा के प्रशासनिक अधिकारी अनूप श्रीवास्तव, अमित पांडेय व अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की ओर से यह नहीं बताया जा रहा है कि कक्षाएं कब से चलेंगी। फीस वापसी को लेकर भी कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है।
आरोप यह ही है कि फोन करने पर उक्त लोग बच्चों से अपमानजनक भाषा में बात करने के साथ धमकी भी दे रहे हैं। सिविल लाइंस प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि कुल 74 विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों की ओर से शिकायत दी गई है। तहरीर के आधार पर कोचिंग प्रबंधन के पांच लोगाें पर एफआईआर दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
कोचिंग के तीन खाते फ्रीज कराए गए
सूत्रों के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई भी शुरू कर दी है। जांच पड़ताल में पुलिस को कोचिंग के तीन बैंक खातों के बारे में पता चला। यह खाते मुंबई स्थित एक्सिस बैंक शाखा में खोले गए हैं। फिलहाल बैंक अफसरों से पत्राचार करते हुए तीनों ही खातों को फ्रीज करा दिया गया है। इनमें कितनी रकम जमा है, इसका पता फिलहाल नहीं चल सका है।