प्रायोगिक परीक्षाओं की भी होगी रिकार्डिंग
यूपी बोर्ड सचिव ने जारी किया दिशा-निर्देश
पहले चरण में 15 से 29 के बीच 10 मंडलों में आने वाले जनपदों में होगी परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
यूपी बोर्ड वर्ष 2018 इंटरमीडिएट की प्रथम चरण की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 15 से 29 दिसंबर के बीच होंगी। इस अवधि में आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, फैजाबाद, मिर्जापुर, देवीपाटन एवं बस्ती मंडल में आने वाले जनपदों में परीक्षाएं होंगी। इन 10 मंडलों में होने वाली परीक्षा के इस संबंध में सचिव नीना श्रीवास्तव ने सोमवार को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं के संबंध में अन्य आवश्यक प्रपत्र था परीक्षकों के नियुक्ति पत्र की सूचना परिषद के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय से प्राप्त होगी।
बताया कि इस बार नियुक्त परीक्षकों के नियुक्ति पत्र तथा विद्यालयों के फारवर्डिंग एवं शिफ्टिंग पत्र परिषद की वेबसाइट पर विद्यालय के पोर्टल पर अपलोड कराए गए हैं। उन्होंने कहा है कि विद्यालय अपने यूजर आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से उसे डाउनलोड कर संबंधित नियुक्ति परीक्षकों को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। परीक्षक को आवंटित विद्यालय में अपना आधार कार्ड अथवा मान्य परिचय पत्र ले जाना अनिवार्य होगा। पहचान पत्र की छाया प्रति प्रधानाचार्य अपने पास अभिलेख के रूप में सुरक्षित रखेंगे। प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी, वीडियो रिकार्डिंग या मोबाइल रिकार्डिंग के बीच संपन्न होगी। इस रिकार्डिंग की क्लिप विद्यालय अपने पास सुरक्षित रखेंगे, जिसे आवश्यकता पड़ने पर परिषद को उपलब्ध कराना होगा।
बताया कि हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा (आंतरिक मूल्यांकन), नैतिक खेल एवं शारीरिक शिक्षा तथा इंटरमीडिएट की खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक विद्यालयों के प्रधानाचार्य के माध्यम से परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। इसके लिए वेबसाइट 15 दिसंबर तक क्रियाशील रहेगी।