फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जन्माष्टमी आज

विज्ञापन
विज्ञापन
घर-मंदिर मचेगी कान्हा जन्मोत्सव की धूम
विज्ञापन

0 स्मार्त आज, वैष्णव कल मनाएंगे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
0 सजाई गईं मंत्रमुग्ध करने वाली आकर्षक लीला झांकियां
0 बिजली की रंगबिरंगी झालरों से जगमगाए घर और मंदिर
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
घर-मंदिर कान्हा जन्मोत्सव की धूम मचेगी। ग्रह-नक्षत्रों के संयोग से अबकी स्मार्त सोमवार को और वैष्णव मंगलवार को व्रत रखकर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाएंगे। घर-मंदिर आकर्षक लीला झांकियां सजाने के साथ ही अनेक सांस्कृतिक धार्मिक अनुष्ठान होंगे।
सोमवार की शाम 5.40 के बाद अष्टमी तिथि का संचरण होगा जो मंगलवार को दिन में 3.26 बजे तक रहेगा। सोमवार की मध्यरात्रि के समय अष्टमी तिथि मिलने से स्मार्त इसी दिन जन्माष्टमी मनाएंगे। वहीं उदया तिथि में अष्टमी की परंपरा को मानने के चलते वैष्णव मंगलवार को जन्माष्टमी मनाएंगे। पर्व के मद्देनजर घरों और मंदिरों में विशेष तैयारियां की गई हैं। घरों में झांकियों को अंतिम रूप दिया गया तो राधा-कृष्ण मंदिरों को भी आकर्षक तरीके से सजाया गया। मठ बाघम्बरी आश्रम में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की अगुवाई में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाएगी। अलोपीबाग स्थित शंकराचार्य आश्रम, बैरहना स्थित निम्बार्क आश्रम, कटरा रामलीला कमेटी की ओर से रामवाटिका, श्रीरामलीला समिति गुरु तेग बहादुर नगर करेली की ओर से रामलीला पार्क गुरुतेग बहादुर, आर्य समाज चौक, आर्य समाज कटरा, आर्य समाज मुंडेरा बाजार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाएगी।
विज्ञापन


झांकी सजाने की रही होड़
कान्हा जन्मोत्सव पर झांकी सजाने की होड़ रही। कान्हा के शृंगार और झांकियां सजाने को रविवार को पूरे दिन बाजारों में सजावटी वस्तुओं और कान्हा की लुभावनी पोशाक खरीदने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। चौक, मीरापुर, सुलेमसराय, कटरा, सिविल लाइंस, दारागंज, कीडगंज, मुट्ठीगंज, बलुआघाट सहित कई मोहल्लों में सड़क किनारे लगी दुकानों पर कान्हा के शृंगार और झांकी की सजावट की चीजें सजीं। पूजा और व्रत के लिए लोगों ने फलों और फलाहारी चीजें भी खरीदीं।

इन स्थानों पर कल मनाई जाएगी जन्माष्टमी
काशीराज नगर, बलुआघाट स्थित इस्कॉन मंदिर के अतिरिक्त दारागंज स्थित भगवान वेणीमाधव मंदिर, महाजनी टोला स्थित निंबार्काचार्य पीठ, तुलाराम बाग स्थित रूपगौड़ीय मठ, चौक गंगादास स्थित राधारमण मंदिर आदि में विविधतापूर्ण कार्यक्रम होंगे।
विज्ञापन


श्रीआनंद बिहारी मंदिर में छह दिनी उत्सव
शाहगंज स्थित श्री आनंद बिहारी मंदिर में छह दिनी जन्माष्टमी उत्सव की शुरुआत मंगलवार से होगी। मंदिर के प्रधान पुजारी दिगंबर प्रसाद त्रिपाठी के मुताबिक मंगलवार की रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य होगा। इसके पहले दिन में 12बजे भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई बलदाऊ जी का जन्म होगा। भजन कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। भगवान की छठी के साथ समापन होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें