खाली पदों पर भर्ती का वादा पूरा करें सीएम
स्वराज अभियान ने सीएम को लिखा पत्र चयन बोर्ड, चयन आयोग मर्जर रोकने की मांग
इलाहाबाद। खाली पदों पर 90 दिनों में चयन प्रक्रिया प्रारंभ करने का वादा पूरा करने तथा माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड एवं उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग का मर्जर रोकने की मांग को लेकर स्वराज अभियान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ को पत्र लिखा है। अभियान की बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेश सचान ने कहा कि चयन बोर्ड और चयन आयोग को मर्ज करने के प्रदेश सरकार के प्रस्तावित निर्णय से प्रतियोगियों में आक्रोश है। यदि सरकार ने इस निर्णय को वापस नहीं लिया तो गंभीर परिणाम होंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने सरकार बनते ही 90 दिन में सभी खाली पदों पर चयन प्रक्रिया शुरू करने का वादा पूरा करने के बजाए बेरोजगारों के साथ मजाक किया जा रहा है। उन्हें आपस में एक दूसरे के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश में है। शिक्षा मित्रों के समायोजन रद्द होने के मामले में यही किया जा रहा है। बताया कि स्वराज अभियान ने इस मुद्दे पर डेलीगेसियों में छात्रों के बीच कैंपेन शुरू किया है। इसमें मनीष सिन्हा, हरीओम सिंह, सतेंद्र यादव, अनुज, अरुण सिंह, अनुराग, विजय, अच्छे लाल आदि मौजूद थे।
00
बीएड, टीईटी प्राथमिक बेरोजगार संघ हाईकोर्ट में दाखिल करेगा याचिका
इलाहाबाद। बीएड उत्थान जन मोर्चा एवं युवा अधिकार मंच एनसीटीई से 12 नवंबर 2014 को जारी अधिसूचना का अक्षरसाह पालन करने तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों में हिन्दी, संस्कृत, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान एवं कला शिक्षकों की भर्ती के लिए जल्द विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करेगा। मंगलवार को बालसन चौराहा स्थित नेहरू पार्क में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के संरक्षण में बीएड, टीईटी उच्च प्राथमिक बेरोजगार संघ की टीम गठित की गई। इसके जरिए याचिका दाखिल करने का निर्णय लिया गया। तय हुआ कि 11 अगस्त को दोनों मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा जाएगा। बैठक में मैनपुरी के सतेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह, जौनपुर से अखिलेश, रवि पांडेय, शर्मिला देवी, संगीता पाल, उमाशंकर समेत इलाहाबाद और आसपास के जिलों से बडी़ संख्या में प्रतियोगी जुटे।