इविवि के छह छात्र ब्लैक लिस्टेड
- डीन आर्ट्स से मारपीट करने के आरोपी हैं छात्र
- विश्वविद्यालय में हमेशा के लिए प्रवेश प्रतिबंधित
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
डीन आर्ट्स से मारपीट करने के आरोपी छह छात्रों को इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) प्रशासन ने ब्लैक लिस्टेड कर दिया है। इन सभी छात्रों के नाम काली सूची में डालते हुए विश्वविद्यालय परिसर में इनका प्रवेश भी प्रतिबंधित कर दिया गया है।
डीन आर्ट्स से गत सात जुलाई को प्राचीन इतिहास विभाग के पास मारपीट की गई थी। इसमें उन्हें मामूली चोट आई थी। उस वक्त वह कार्यवाहक कुलपति की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामसेवक दुबे ने मारपीट करने के आरोपी छात्र आनंद कुमार सिंह ‘निक्कू’, अंकुश यादव, नीरज प्रताप सिंह, विक्रांत सिंह, सूर्य प्रकाश मिश्र और विवेकानंद पाठक का नाम काली सूची में डाल दिया है। इविवि अनुशासन संहिता के अनुसार काली सूची में जिन छात्रों का नाम डाला गया है, उन्हें विश्वविद्यालय और इसके हॉस्टलों में कभी प्रवेश नहीं मिलेगा।
साथ ही हमेशा के लिए उन्हें परीक्षा, प्रवेश, परीक्षा फल एवं उपाधियों से भी वंचित कर दिया जाएगा। साथ ही इविवि परिसर में इनका प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। चीफ प्रॉक्टर से इस कार्रवाई की लिखित सूचना डीएम और एसएसपी को भी भेज दी है और मांग की है कि इविवि प्रशासन के निर्णय का ये छात्र उल्लंघन करते हैं तो उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए। उधर, इलाहाबाद विश्वविद्यालय अध्यापक संघ (ऑटा) के पदाधिकारियों ने कुलपति को पत्र भेजकर मांग की है कि इन छात्रों को पूर्व में जो भी डिग्रियां मिली हैं, उन्हें वापस लेने के लिए कार्यपरिषद में प्रस्ताव रखा जाए।