उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
- फोटो : amar ujala
भाजपा के गढ़ कहे जाने वाले शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के 400 बूथों पर इस बार भाजपा ने बढ़त बनाई। इस विधानसभा क्षेत्र के 432 बूथों पर पड़े 166365 मतों में 106303 मत भाजपा को मिले। वोटों की इस गणित में भाजपा प्रत्याशी की जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के बूथ पर भाजपा को 71 फीसदी मत मिले।
डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री का मतदान सिविल लाइंस स्थित ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर में हुआ था। यहां कुल छह बूथ है। 12 मई को हुई वोटिंग में यहां कुल 2580 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। 23 मई को हुई मतगणना में यहां पड़े कुल मतों में से 1855 मत भाजपा के खाते में आए। जबकि गठबंधन प्रत्याशी पंधारी यादव के खाते में महज 445 ही मत आए। यहां 27 वोटरों ने नोटा का इस्तेमाल किया।
उधर, पश्चिमी बंगाल के राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी के गर्ल्स हाईस्कूल बूथ पर भी भाजपा का प्रदर्शन बेहतर रहा। यहां कुल पांच बूथों में इस बार 2573 मतदाताओं ने मतदान किया था। इसमें 1666 मत सिर्फ भाजपा को हो मिल गए, जबकि गठबंधन के खाते में 627 मत आए। शहर उत्तरी के सभी 432 बूथ की बात करें तो 400 बूथों में भाजपा अव्वल रही, जबकि गठबंधन प्रत्याशी महज 32 बूथों में ही आगे रहे। कुल नौ बूथ ऐसे भी रहे जिसमें भाजपा को 400 से ज्यादा मत मिले। सर्वाधिक 581 मत पार्टी को शहर उत्तरी के बूथ संख्या 133 राजकीय शोध आदर्श विद्यालय कमरा नंबर आठ से मिले। इस बूथ पर कुल पड़े 673 मतों में गठबंधन प्रत्याशी को महज 43 मत ही मिले। शहर उत्तरी का यह एक ऐसा बूथ रहा जहां संख्या के लिहाज से भी सबसे अधिक 673 वोट पड़े थे।
0 शहर उत्तरी विधानसभा में भाजपा का प्रदर्शन भले ही बेहतर रहा हो लेकिन यहां कटरा मोहल्ले के नगर निगम स्कूल बख्तियारी के बूथ संख्या 263 में भाजपा प्रत्याशी केशरी देवी को महज 16 वोट ही मिले। इस बूथ से गठबंधन प्रत्याशी को 281 मत मिले। इस स्कूल में बनाए गए कुल चार बूथों में से तीन में गठबंधन प्रत्याशी ही आगे रहा। यहां बूथ संख्या में 261, 262, 263 एवं 264 में गठबंधन प्रत्याशी को क्रमश: 217, 147, 281 एवं 248 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी के खाते में 198, 346, 16 एवं 34 मत ही आए। यहां जिस बूथ संख्या 262 में ही भाजपा जीती। इसी बूथ पर पार्टी के नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता ने मतदान किया था।