उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की सत्र 2025-26 की बीएड एवं बीएड विशिष्ट शिक्षा की प्रवेश परीक्षा सोमवार को प्रदेश के 10 जिलों के 12 केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा में 71.21 फीसदी परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रवेश परीक्षा आयोजन एवं संचालन समिति के समन्वयक प्रो. पीके स्टालिन ने बताया कि बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए 3,112 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे, जिनमें से 952 अनुपस्थित रहे। वहीं, बीएड विशिष्ट शिक्षा में देश भर से 1,442 अभ्यर्थियों के आवेदन आए थे, जिनमें 359 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रवेश परीक्षा सुबह नौ से अपराह्न 12 बजे तक आयोजित की गई।
प्रवेश परीक्षा के सफल संचालन के लिए कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम के निर्देश पर सभी केंद्रों पर पर्यवेक्षकों एवं कोर कमेटी की तैनाती की गई थी, जिनकी देखरेख में सभी केंद्रों पर पारदर्शिता के साथ परीक्षा कराई गई। परीक्षा के लिए आगरा, अयोध्या, बरेली, गोरखपुर, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, वाराणसी एवं प्रयागराज में केंद्र बनाए गए थे।
प्रयागराज में विश्वविद्यालय के सरस्वती परिसर स्थित केंद्रीय पुस्तकालय व यमुना परिसर के त्रिवेणी सामुदायिक केंद्र में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
मुक्त विवि के पीआरओ डॉ. प्रभात चंद्र मिश्र ने बताया कि कुलपति प्रो. सत्यकाम ने सरस्वती परिसर और यमुना परिसर के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। विश्वविद्यालय में स्थापित हेल्प डेस्क ने प्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों से निरंतर परीक्षा के संचालन की जानकारी प्राप्त की। प्रवेश परीक्षा परिणाम शीघ्र ही घोषित किए जाने की उम्मीद है।