उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) परीक्षा-2014 यानी आरआई टेक्निकल का अंतिम चयन परिणाम शनिवार को जारी कर दिया। आरआई टेक्निकल के 79 पदों में से 66 पदों का रिजल्ट जारी किया गया है जबकि 13 अभ्यर्थियों का रिजल्ट रोक लिया गया है।
आरआई टेक्निकल के पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का परिणाम पिछले साल 21 दिसंबर को घोषित किया गया था और परिणाम के आधार पर सफल अभ्यर्थियों का इंटरव्यू इस वर्ष 18 से 28 जनवरी तक आयोजित किया गया। चयन सूची में पहले, दूसरे एवं तीसरे स्थान पर क्रमश: अशोक कुमार श्रीवास्तव, कौशल कुमार सिंह एवं हरिओम के नाम शामिल हैं। आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार जिन 13 अभ्यर्थियों को रिजल्ट रोका गया है, उनका अंतिम चयन परिणाम हाईकोर्ट में दाखिल विभिन्न याचिकाओं पर अंतिम निर्णय के अनुसार घोषित किए जाएंगे।
सचिव ने बताया कि अंतिम रूप से चयनित घोषित किए गए जिन अभ्यर्थियों के आगे प्रोविजनल शब्द अंकित है, उनसे यह अपेक्षा की जाती है कि वे आयोग द्वारा वांछित अपने सभी मूल प्रमाणपत्र आदि साक्षात्कार परिषद की ओर से दिए गए समय के अंदर प्रस्तुत कर दें। ऐसा न करने पर अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा। परीक्षा से संबंधिात प्राप्तांक एवं कटऑफ अंक की सूचना जल्द ही आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी। ऐसे में इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनयम के तहत प्रार्थना पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।