मेधावी दिव्यांश ओमर से बातचीत
सवाल : तीन गोल्ड मेडल मिलेकी जानकारी होने पर आपकी पहली प्रतिक्रिया क्या थी?
जवाब : इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि पहले नहीं हुई थी लेकिन मेरे अंक अच्छे चल रहे थे, इसलिए उम्मीद थी कि मेडल मिल सकता है। हालांकि, पक्की जानकारी नहीं थी। जब तीन मेडल मिलने की पुष्टि हुई तो काफी खुशी हुई।
सवाल : चेयरमैन गोल्ड मेडल, इंस्टीट्यूट गोल्ड मेडल और डॉ. टीसीएम पिल्लई मेमोरियल गोल्ड मेडल मिलना आपके लिए कितना खास है?
जवाब : मेरे लिए यह उपलब्धि बहुत खास है। मैं इसे अपनी इंजीनियरिंग डिग्री की सबसे बड़ी उपलब्धियों में मानता हूं, यहां तक कि अपने प्लेसमेंट से भी ऊपर। इसके पीछे चार साल की लगातार मेहनत है। पहले सेमेस्टर से लेकर आखिरी सेमेस्टर तक हर सेमेस्टर में मेहनत की। शुरुआत में मैंने ईसीई से दाखिला लिया था, बाद में ब्रांच बदलकर आईटी में आया और फिर लगातार अच्छे अंक हासिल करने का प्रयास किया।
सवाल : बीटेक आईटी के दौरान पढ़ाई के लिए आपकी रणनीति क्या रही?
जवाब : मेरी पढ़ाई की रणनीति बहुत सामान्य थी। मैं क्लास में प्रोफेसर जो पढ़ाते थे, उस पर पूरा ध्यान देता था। खास तौर पर यह समझने की कोशिश करता था कि कौन से टॉपिक महत्वपूर्ण हैं और किन पर प्रोफेसर ज्यादा जोर दे रहे हैं। परीक्षा से करीब एक सप्ताह पहले तैयारी तेज कर देता था और प्रॉब्लम सॉल्विंग पर ज्यादा ध्यान देता था।
सवाल : इस पूरी यात्रा में प्रोफेसरों, माता-पिता और दोस्तों का कितना योगदान रहा?
जवाब : सभी प्रोफेसरों ने अलग-अलग सेमेस्टर में महत्वपूर्ण योगदान दिया। खास तौर पर हमारी प्रोजेक्ट हेड प्रो. सोनाली अग्रवाल मैम ने तीसरे और चौथे वर्ष में पूरे प्रोजेक्ट के दौरान हमारा मार्गदर्शन किया। माता-पिता हमेशा सपोर्टिव रहे और पढ़ाई को लेकर लगातार हमारा हौसला बढ़ाते रहे। दोस्तों का भी काफी सहयोग मिला।
सवाल : अब आप आगे क्या करना चाहते हैं और वर्तमान में कहां काम कर रहे हैं?
जवाब : मेरा प्लेसमेंट कॉलेज के माध्यम से हैदराबाद स्थित डीई शॉ में हुआ है और मैं वहां सॉफ्टवेयर डेवलपर के रूप में काम कर रहा हूं। आगे का लक्ष्य अभी पूरी तरह तय नहीं है, लेकिन सॉफ्टवेयर और खासकर एआई के क्षेत्र में नई चीजों पर काम करने और रिसर्च करने की इच्छा है।