दूसरे दिन बृहस्पतिवार को जिले के 629 मतदान कर्मियों ने पोस्टल बैलेट से मताधिकार का उपयोग किया। इस तरह से अब 1178 अफसर और कर्मचारी वोट डाल चुके हैं। वहीं अब तक 228 को इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट (ईडीसी) जारी किया गया है। ये लोग सर्टिफिकेट की मदद से मतदान के दिन ड्यूटी वाले बूथ पर ही ईवीएम से वोट डाल सकेंगे।
मतदान कर्मियों के दूसरे चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रयाग संगीत समिति में आयोजित है, जो छह मई तक चलेगा। वहीं मतदान कर्मियों के लिए वोट डालने की भी व्यवस्था की गई है। दूसरे दिन फूलपुर लोकसभा के लिए 275 मतदान कर्मियों ने पोस्टल बैलेट से वोट डाले।
इनमें फाफामऊ में 22, सोरांव में 32, फूलपुर में 66, पश्चिमी में 64 तथा उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के सबसे अधिक 91 मतदान कर्मियों ने मताधिकार का उपयोग किया। इस तरह से फूलपर लोकसभा में अब तक कुल 515 वोट पड़ चुके हैं। इनके अलावा इस क्षेत्र के 198 कर्मियों को ईडीसी जारी किया गया है। इनमें से 123 को बृस्पतिवार को ईडीसी जारी किया गया।
इलाहाबाद संसदीय सीट के लिए बृहस्पतिवार को 278 मतदान कर्मियों ने पोस्टल बैलेट से वोट डाला। इनमें से दक्षिणी में 99, बारा में 51, कोरांव में 32, मेजा में 48 तथा करछना विधानसभा क्षेत्र में भी 48 कर्मियों ने पोस्टल बैलेट का उपयोग किया। इस तरह से इलाहाबाद में कुल 498 कर्मचारी पोस्टल बैलेट से मताधिार का उपयोग कर चुके हैं।
भदोही लोकसभा के प्रतापपुर विधानसभा में 30 (अब 79) तथा हंडिया में 46 (अब तक 87) पोस्टल बैलेट से वोट पड़े हैं। इनके अलावा दूसरे जिलों के 75 कर्मचारियों को पोस्टल बैलेट जारी हुए हैं। मतदान कर्मी छह मई तक वोट डाल सकते हैं।
62 मतदानकर्मी अनुपस्थित, होगी एफआईआर
प्रयाग संगीत समिति में शुरू द्वितीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में दूसरे दिन बृहस्पतिवार को 62 पीठासीन अधिकारी तथा कर्मचारी अनुपस्थित रहे। डीएम ने इनके खिलाफ एफआईआर लिखाने के साथ विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया है।
छह तक उपलब्ध कराएं वाहनों का विवरण
प्रयागराज। लोकसभा चुनाव के लिए सभी विभागों से वाहनों की बाबत जानकारी मांगी गई थी। इसके विपरीत कई विभागों ने सभी वाहनों को इस सूची में शामिल नहीं किया। एडीएम सिटी की ओर से एक बार फिर पत्र जारी कर सभी विभागाध्यक्षों से वाहनों का पूरा विवरण मांगा गया है। इसके लिए छह मई तक का समय दिया गया है। इस पत्र को ही अधिग्रहण आदेश मानते हुए वाहन उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। अन्यथा, पुलिस की मदद से वाहन जब्त कर लिए जाएंगे।