कुंभ मेले में डीडीटी के प्रयोग पर एक्सपर्ट रिपोर्ट तलब
प्रयागराज। दुनिया भर में प्रतिबंधित कीटनाशक डीडीटी का कुंभ मेले में प्रयोग किए जाने के खिलाफ दाखिल याचिका पर हाईकोर्ट ने आईआईटी कानपुर के केमिकल इंजीनियरिंग विभाग से रिपोर्ट मांगी है। कोर्ट ने कहा है कि विभाग के प्रोफेसर से इसकी जांच कराकर दो माह में रिपोर्ट दी जाए। याची का कहना है कि इस दवा के इस्तेमाल से कैंसर, ह्दय रोग, त्वचा रोग, विकलांगता जैसी गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
दिलीप गौतम की जनहित याचिका पर न्यायमूर्ति पीकेएस बघेल और न्यायमूर्ति पंकज भाटिया की पीठ सुनवाई कर रही है। याचिका पर अधिवक्ता केके रॉय और चार्ली प्रकाश ने बहस की। याची का कहना है कि डीडीटी के प्रभाव से संक्रामक बीमारियां फैलती हैं। इसका प्रभाव मिट्टी में बहुत दिन तक रहता है यह पशुओं और मनुष्यों के लिए बेहद हानिकारक है। कोर्ट ने डीडीटी के मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव की जांच कर दो माह में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।