प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई के लिए प्रयागराज का एयरपोर्ट तैयार हो गया है। नए सिविल टर्मिनल का रविवार की शाम पीएम मोदी उद्घाटन करेंगे। खास बात यह कि सिविल टर्मिनल से पहला विमान पीएम मोदी का ही उड़ेगा जबकि अन्य घरेलू उड़ान की आवाजाही पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के मौके पर 25 दिसंबर से शुरू होगी। चर्चा इस बात की भी है कि पीएम मोदी महामना मदन मोहन मालवीय के नाम पर एयरपोर्ट के नामकरण की घोषणा कर सकते हैं। हालांकि सिविल टर्मिनल में अभी प्रयागराज एयरपोर्ट का ही बोर्ड लगा हुआ है।
उधर तैयारियों का जायजा लेने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन गुरु प्रसाद महापात्रा भी शनिवार को प्रयागराज पहुंच गए। बम्हरौली में बने नए सिविल टर्मिनल को पीएम के आगमन के एक दिन पूर्व पूरी तरह से चमका दिया गया। यहां यात्रियों को तमाम आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्री सुविधा के लिए यहां दो ऐरो ब्र्रिज उपलब्ध कराएं गए हैं। इसकी कनेेक्टिविटी एस्केलेटर (स्वचालित सीढ़ी) से की गई है। यानी की ऐरो ब्रिज में चढ़ने के बाद यात्री ऊपर ही ऊपर सीधे अपने विमान के अंदर पहुंच जाएंगे।
यहां दिव्यांग जनों के लिए भी कई तरह की सुविधाएं है। इसके लिए यहां रैंप बनाने के साथ अलग से शौचालय बनाए गए हैं। प्रथम तल में एयरबस पकड़ने वाले यात्रियों के लिए वेटिंग रूम है। इसमें एक बार में 300 से ज्यादा यात्री बैठ सकेंगे। वीआईपी लाउंज भी प्रथम तल पर ही बनाया गया है। इसके अलावा यहां एक साधारण श्रेणी का भी लाउंज भी बनाया गया है। एयरपोर्ट के भूतल एवं प्रथम तल पर एसी रेस्टोरेंट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। 138 करोड़ की लागत से बने सिविल टर्मिनल में एक कान्फ्रेंस हाल भी बनाया गया है। इसके अलावा तमाम एयरलाइंस के 12 काउंटर भी बनाए गए हैं। यहां टैक्सी रिजर्वेशन का भी काउंटर बनाया गया है।
सिविल टर्मिनल में यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
0 महिलाओं के लिए रहेगा चाइल्ड केयर रूम।
0 एयरकंडीशन वेज और नॉनवेज रेस्टोरेंट की सुविधा।
0 एयरपोर्ट से शहर के लिए हर समय एसी बस और टैक्सी की कनेक्टिविटी।
0 मिनी अस्पताल की भी रहेगी सुविधा, 24 घंटे उपलब्ध रहेगी एंबुलेंस।
0 एक बार में 300 से ज्यादा चार पहिया वाहनों की हो सकेगी पार्किंग।
0 स्मोकिंग लाउंज की भी रहेगी एयरपोर्ट में सुविधा।
0 यात्री सुविधा के लिए रहेगी दो एस्केलेटर और दो लिफ्ट।
0 एयरपोर्ट में विमानों के नाइट लैडिंग की भी रहेगी सुविधा।