1.77 किमी का होगा बम्हरौली एयरपोर्ट आरओबी
0 हाईकोर्ट में डीएम समेत अफसरों ने बताया आरओबी का प्रस्ताव तैयार
0 कोर्ट ने अधिकारियों की बैठक का ब्योरा तलब किया, सुनवाई आठ को
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। बम्हरौली एयरपोर्ट की दूरी कम करने के लिए सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन और जीटी रोड को जोड़ने वाले रेल ओवरब्रिज (आरओबी) के प्रस्ताव का खाका तैयार कर लिया गया है। कोर्ट के निर्देश पर सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने बैठक कर प्रस्ताव को अंतिम रूप दे दिया है। सोमवार को मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष जिलाधिकारी सुहास एलवाई और रेलवे तथा वायुसेना के अधिकारियों ने उपस्थित होकर इसकी जानकारी दी। कहा, आरओबी की लंबाई 1.77 किलोमीटर तय की गई है।
अधिकारियों की बात सुनने के बाद कोर्ट ने मिटिंग के मिनट्स पर हस्ताक्षर कर (बैठक का ब्योरा) हलफनामे के मार्फत दाखिल करने का निर्देश दिया है। कोर्ट इस मसले पर आठ अक्तूबर को सुनवाई करेगी। कोर्ट ने एयरपोर्ट अथॉरिटी को एयरपोेर्ट की बाउंड्रीवाल बनाने का निर्देश भी दिया है। राज्य सरकार से कहा है कि एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा मांगी गई भूमि उसे उपलब्ध करा दी जाए। राज्य सरकार को अगली सुनवाई पर बताने के लिए कहा है कि आरओबी का निर्माण कार्य कब से प्रारंभ होगा।
अधिवक्ता अजय कुमार मिश्र की जनहित याचिका पर मुख्य न्यायमूर्ति डीबी भोसले और न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा की पीठ सुनवाई कर रही है। डीएम ने कोर्ट को बताया कि आरओबी की लंबाई 1.77 किलोमीटर की होगी। इसके बन जाने से एयरपोर्ट पहुंचने के लिए 50 मिनट का सफर 15 मिनट में तय किया जा सकेगा। इसकी विस्तृत कार्ययोजना जल्दी ही तैयार कर ली जाएगी। बैठक में विभागों की आपसी सहमति को लेकर जो थोड़ी बहुत अड़चन थी वह दूर कर ली गई है। मामले की अगली सुनवाई आठ अक्तूबर को होगी।