रोडवेज चलाएगा रक्षाबंधन स्पेशल बसें
- 24 से 29 अगस्त तक नियमित रूप से चलेंगी 134 अतिरिक्त बसें
- छुट्टी न लेने वाले चालकों, परिचालकों को रोडवेज देगा प्रोत्साहन राशि
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। रक्षा बंधन के अवसर पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। इस दौरान रोडवेज की ओर से इलाहाबाद से कानपुर, लखनऊ, दिल्ली, फैजाबाद, वाराणसी, जौनपुर, गोरखपुर, मिर्जापुर, बांदा मार्ग पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। संबंधित मार्ग पर रोडवेज की प्रतिदिन 134 अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी है। इन बसों का संचालन 24 से 29 अगस्त की अवधि में होगा। इस दौरान छुट्टी न लेने वाले चालकों एवं परिचालकों को रोडवेज की ओर से प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
रोडवेज की ओर से कहा गया है ऐसे चालक, परिचालक जो इस अवधि में न्यूनतम छह दिन में 1800 किमी की दूरी पूरी करते हैं, उन्हें 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही संविदा चालक, परिचालक को इस अवधि में न्यूनतम 1800 किलोमीटर या उससे अधिक की दूरी अर्जित करने पर 55 पैसे प्रतिकिमी की दर से भुगतान किया जाएगा। डिपो एवं क्षेत्रीय कार्यशाला के जो तकनीकी कर्मचारी इस अवधि में काम करेंगे उन्हें एक मुश्त 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस दौरान रक्षा बंधन के दिन रोडवेज की बस में महिलाओं से किराया नहीं लिया जाएगा। इलाहाबाद के परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक डा. हरिशचंद्र यादव के मुताबिक इस अवधि में नियमित रूप से 134 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।
मार्ग का नाम बसों की संख्या
इलाहाबाद-कानपुर-दिल्ली 10
इलाहाबाद-लखनऊ-दिल्ली 04
इलाहाबाद-लखनऊ 20
इलाहाबाद-फैजाबाद 20
इलाहाबाद-कानपुर 20
इलाहाबाद-वाराणसी 20
इलाहाबाद-जौनपुर-गोरखपुर 20
इलाहाबाद-मिर्जापुर 10
इलाहाबाद-बांदा 10