नीट काउंसिलिंग: एमबीबीएस में दूसरे दिन 32 प्रवेश
-एसआरएन अस्पताल के टेली मेडिसिन सेंटर में जुटे अभ्यर्थी, अब तक 60 प्रवेश
इलाहाबाद। नेशनल एलिजीविलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट(नीट) में सफल 32 अभ्यर्थियों ने रविवार को दूसरे दिन एमबीबीएस में प्रवेश कराया। इनमें इलाहाबाद मेडिकल कॉलेज के लिए 14 और हेरिटेज वाराणसी के लिए 18 प्रवेश किए गए। सेंटर में दिन भर उत्साह से लबरेज भावी डॉक्टरों का जमावड़ा रहा।
एमएलएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह के मुताबिक इलाहाबाद मेडिकल कॉलेज को दो स्थानों के लिए प्रवेश कराने की जिम्मेदारी मिली है। नोडल अधिकारी डॉ. देवाशीष और सह प्रभारी डॉ. आरबी कमल ने बताया कि एसआरएन अस्पताल परिसर स्थित टेली मेडिसिन सेंटर में सुबह नौ बजे से शुरू प्रवेश कार्य देर शाम तक चला। इस दौरान हेरीटेज वाराणसी के लिए 18 और एमएलएन मेडिकल कॉलेज के लिए 14 अभ्यर्थियों ने प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराई। दो दिन में कुल 60 प्रवेश किए जा चुके हैं। डॉ. कमल के मुताबिक 12 जुलाई तक प्रवेश कार्य संपादित किया जाएगा।