खराब रखरखाव रहा वास्कोडिगामा-पटना एक्सप्रेस हादसे की वजह
0 सीआरएस पूर्वोत्तर परिमंडल ने एनसीआर प्रशासन को सौंपी प्राथमिक जांच रिपोर्ट
0 रोलिंग स्टॉक और रेल पथ की खामियां भी सीआरएस जांच में हुई उजागर
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। पिछले माह इलाहाबाद मंडल के मानिकपुर रेलवे स्टेशन पर वास्कोडिगामा-पटना एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले में रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) पूर्वोत्तर परिमंडल सतीश कुमार पांडेय ने अपनी प्रारम्भिक रिपोर्ट उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) प्रशासन को सौंप दी है। रिपोर्ट में हादसे की मुख्य वजह स्थायी उपकरणों का उचित रखरखाव न होना और रेल पथ के अवयवों की विफलता को बताया गया है। रिपोर्ट में रोलिंग स्टॉक (ट्रेन के कोच) का बेहतर रखरखाव न होना भी बताया है।
पिछले माह 24 नवंबर को गाड़ी संख्या 12741 वास्कोडिगामा-पटना एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने की जांच रेलवे बोर्ड द्वारा सीआरएस पूर्वोत्तर परिमंडल एसके पांडेय को सौंपी गई थी। उन्होंने पहले मानिकपुर में और उसके बाद फिर इलाहाबाद स्थित डीआरएम ऑफिस में दो चरण में कई रेलकर्मियों एवं घटना के दौरान मौजूद यात्रियों के बयान दर्ज किए। बता दें कि इस हादसे में कुल नौ यात्री घायल हुए थे, जबकि तीन की मौत हादसे वाले दिन ही हो गई थी। बाद में एक अन्य यात्री की दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई। ओवर ऑल इस हादसे में कुल चार यात्रियों की मौत हुई। दो चरणों में जांच के बाद सीआरएस ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट एनसीआर प्रशासन को सौंप दी है। रिपोर्ट में स्थायी उपकरणों का उचित रखरखाव न होने के साथ रेल ट्रैक की विफलता को भी उजागर किया गया है। दरअसल हादसे के दिन ही सीआरबी अश्विनी लोहानी ने रेल ट्रैक फ्रैक्चर होने की संभावना व्यक्त की थी। इस बारे में डीआरएम इलाहाबाद एसके पंकज का कहना है कि अभी सीआरएस से प्रारंभिक रिपोर्ट मिली है। फाइनल रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।