बैकफट पर सीएमओ, हर्ष हास्पिटल को क्लीन चिट
0 डिप्टी सीएम से भी मिला इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
हर्ष हास्पिटल के खिलाफ की गई कार्रवाई के बाद निजी चिकित्सकों के कड़े तेवर को देखते हुए सीएमओ ने अब नरमी दिखानी शुरू कर दी है। शनिवार को इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन (एएमए) के पदाधिकारियों से मुलाकात के बाद उन्होंने हर्ष हास्पिटल को क्लीन चिट देने के साथ सभी सुविधाओं को बहाल करने का निर्देश दिया। उनके बैकफुट पर आने के बाद निजी चिकित्सकों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
दरअसल, पिछले दिनों केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल की भांजी गरिमा पटेल की मौत के मामले में सीएमओ ने हर्ष हास्पिटल के खिलाफ कार्रवाई कर दी थी। इस कार्रवाई का एएमए ने विरोध किया। सीएमओ को अल्टीमेटम दिया गया कि अगर शनिवार शाम चार बजे तक हर्ष हास्पिटल की भर्ती सुविधा बहाल न हुई तो आईएमए के सदस्य अपने अस्पतालों में भर्ती की सुविधा बंद करने के लिए बाध्य होंगे। एएमए की चेतावनी के बाद सीएमओ भी हरकत में आ गए। शनिवार को आईएमए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल के नेतृत्व में निजी चिकित्सकों का एक प्रतिनिधिमंडल सीएमओ से मिला। एएमए के सचिव डॉ. त्रिभुवन सिंह ने कहा कि सीएमओ ने हर्ष हास्पिटल को क्लीन चिट दे दी है। इस अवसर पर डॉ. शार्टूल सिंह, डॉ. मुकुल पांडेय, डॉ. बीके मिश्र, डॉ. अवनीश सक्सेना, डॉ. शरद जैन, डॉ. आशीष टंडन, डॉ. निकुंज अग्रवाल आदि मौजूद रहे।