प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) के चार अपार्टमेंटों में 527 फ्लैट तैयार हैं, लेकिन उनके खरीदार नहीं आ रहे हैं। पीडीए फ्लैट को लाटरी के बजाय पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर बेच रहा है, इसके बाद भी खरीदने वाले रुचि नहीं ले रहे हैं। इसके पीछे साल दर साल फ्लैट के बढ़ते दाम बताए जा रहे हैं। फ्लैट नहीं बिकने से प्राधिकरण को नुकसान हो रहा है।
पीडीए ने कालिंदीपुर और नैनी में चार अपार्टमेंट 2015-16 में बनवाए गए थे। निर्माण के दौरान ही लोगों ने इन फ्लैट के प्रति रुचि कम दिखाई। कुछ लोगों ने बुकिंग कराई थी तो उनको कब्जे दे दिए गए। इसके बाद अधिकतर फ्लैट खाली रह गए। कई वर्ष बाद भी फ्लैट बिके नहीं, लेकिन विभाग ने साल दर साल उनके दाम बढ़ाए।
सबसे सस्ते फ्लैट नैनी के जाह्नवी अपार्टमेंट में 35.94 वर्गमीटर के हैं। उनके दाम 19,02,438 रुपये हैं। वहां पर 33 फ्लैट खाली हैं। जागृति अपार्टमेंट में 54.3 वर्गमीटर के 198 फ्लैट खाली हैं। प्रत्येक अपार्टमेंट के दाम 37,02,720 रुपये हैं। इस अपार्टमेंट में 75.83 वर्गमीटर के 19 फ्लैट खाली हैं और प्रत्येक के दाम 41,89,000 रुपये हैं। यमुना विहार नैनी में 56.93 वर्गमीटर के टू बीएचके 152 फ्लैट हैं। वह 38,70,000 रुपये के हैं। मौसम विहार कालिंदीपुरम में 50.65 वर्गमीटर के टू बीएचके वाले 32 फ्लैट हैं।
इनके दाम 50,27,000 रुपये हैं। ऐसे ही 53.36 वर्गमीटर के 33 फ्लैट खाली हैं और उनकी कीमत 53,37,000 रुपये निर्धारित की गई है। 68.53 वर्गमीटर के 50 फ्लैट खाली हैं और उनकी कीमत 64,78,000 रुपये है। 86.49 वर्गमीटर के थ्री बीएचके वाले 10 फ्लैट खाली हैं और उनकी कीमत 85,29,000 रुपये निर्धारित की गई है। पीडीए के सचिव अजीत कुमार सिंह ने बताया कि पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर इन फ्लैटों की बिक्री की जा रही है। आने वाले दिनों में इन फ्लैटों को लेकर कुछ फैसले हो सकते हैं।