पिछले निकाय चुनाव में भाजपा से टिकट की चाह में कुल 52 लोगों ने आवेदन किया था। हालांकि, बाजी कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की पत्नी अभिलाषा गुप्ता ने मारी। तब सीट अनारक्षित थी।
विधानसभा चुनाव के बाद से ही इस बात की सरगर्मी चल रही है कि भाजपा मेयर का टिकट इस बार किसे देगी। वर्ष 2017 की तरह भाजपा से मेयर की टिकट की चाह रखने वालों की कमी नहीं है। इसमें से अधिकांश चेहरे वहीं हैं जिन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट के लिए प्रयागराज की विभिन्न सीटों से अपना दावा ठोंका था।
विज्ञापन
पिछले निकाय चुनाव में भाजपा से टिकट की चाह में कुल 52 लोगों ने आवेदन किया था। हालांकि, बाजी कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की पत्नी अभिलाषा गुप्ता ने मारी। तब सीट अनारक्षित थी। इस बार सीट अनारक्षित होगी या आरक्षित, यह अभी तय नहीं है। वहीं पिछले दिनों संपन्न हुए दुर्गापूजा, दशहरा, दिवाली एवं छठ के मौके पर शहर के तमाम इलाकों में शुभकामना संदेश वाले होर्डिंग एवं बैनर यही इशारा कर रहे हैं कि इस बार भी मेयर की टिकट की दावेदारी करने वालों की संख्या वर्ष 2017 के आंकड़े को पार कर सकती है।
पार्टी के भीतर खाने में चर्चा यह भी है कि इस बार सीट अन्य पिछड़ा वर्ग हो सकती है। अगर ऐसा हुआ तो तमाम बड़े नेताओं को झटका लग सकता है। क्योंकि टिकट का दावा करने वाले अधिकांश सवर्ण ही हैं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के पास टिकट की चाह रखने वाले तमाम नेता उनसे मिलने के लिए लखनऊ पहुंच रहे हैं। भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी से भी कई नेता पिछले दिनों दिवाली की शुभकामनाएं देने के बहाने मिल चुके हैं।
मेयर टिकट के लिए चर्चा में हैं इनके नाम
वर्तमान समय मेयर का टिकट पाने के लिए अभी जिन नेताओं के नाम सामने आए हैं उसमें वर्तमान मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी, भाजपा काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक दीपक पटेल, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. एलएस ओझा, पूर्व डिप्टी मेयर मुरारी लाल अग्रवाल, महिला मोर्चा महामंत्री डॉ. कीर्तिका अग्रवाल, प्रदेश महिला मोर्चा मंत्री कविता यादव त्रिपाठी, पार्षद अखिलेश सिंह, पूर्व नगर अध्यक्ष शशि वार्ष्णेय, पदुम जायसवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, पार्षद किरन जायसवाल, पूर्व कार्य समिति सदस्य सुबोध सिंह, पार्षद आनंद अग्रवाल, पार्षद आशीष गुप्ता, विक्रमाजीत सिंह भदौरिया, सुशील मिश्रा, मृत्युंजय तिवारी, डॉ. सुशील सिन्हा, अनामिका चौधरी, कुमार नारायण, पूर्व पार्षद राजू शुक्ला आदि नाम सामने आए हैं। इन सभी के समर्थकों का दावा है कि मेयर का टिकट उनके नेता के खाते में आएगा। पिछले दिनों डिप्टी सीएम केशव मौर्य के प्रयागराज आगमन के दौरान मेयर पद के संभावित प्रत्याशियों ने अपने होर्डिंग आदि के माध्यम से अपनी दावेदारी पुख्ता करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।