एसआरएन अस्पताल: रात में पहुंचे
तो कैशलेस इलाज कराना मुश्किल
0 मंडल के सबसे बड़े अस्पताल में एक आयुष्मान मित्र
0 शाम पांच बजे के बाद भर्ती और ऑपरेशन में दिक्कत
प्रयागराज। मंडल के सबसे बड़े अस्पताल एसआरएन में रात के समय आयुष्मान भारत योजना के तहत कैशलेस इलाज कराना मुश्किल हो रहा है। यहां आने वाले हजारों मरीज के लिए सिर्फ एक आयुष्मान मित्र की तैनाती की जा सकी है। शाम पांच बजे के बाद यहां योजना का कार्ड लेकर आने वालों का पंजीकरण, भर्ती और ऑपरेशन कराने में दिक्कत हो रही है।
रविवार रात ट्रामा सेंटर पहुंचे एक मरीज को गंभीर हालत में डॉक्टरों ने ऑपरेशन कराने की सलाह दी। सोमवार सुबह उसका ऑपरेशन भी कर दिया गया। इस दौरान 11 बजे तक उसका विवरण मुख्यालय नहीं भेजा सका। मरीज बेहोश और तीमारदार औपचारिकताएं पूरी कराने को भटकते रहे।
जिले में अब तक 559 मरोजों का इलाज आयुष्मान योजना के तहत इलाज किया जा चुका है। वहीं सरकारी अस्पतालों में योजना का लाभ लेने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में एसआरएन के एसआईसी डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि अभी अस्पताल में एक लिपिक को आयुष्मान मित्र बनाकर काम कराया जा रहा है। अन्य मित्रों की तैनाती के लिए सीएमओ को पत्र लिखा गया है। नियुक्ति होते ही रात्रिकालीन दिक्कतें दूर हो जाएंगी।