शिवकुटी में ज्ञान बालू वाली गली में स्थापित नलकूप की मोटर मंगलवार सुबह छह बजे फुंक गई। इससे क्षेत्र के करीब 600 घरों में दिन भर पेयजल संकट बना रहा। कई बार शिकायत के बाद भी जलकल विभाग ने मोटर बदलने की कार्रवाई शुरू नहीं की, लोग पानी के लिए भटक रहे हैं।
नलकूप की मोटर फुंकने का असर सुबह करीब नौ से दिखा। लोगों ने मोटर चलाई लेकिन पानी नहीं मिला।
टंकियां खाली हो गईं तो लोगों ने पूछताछ शुरू की। क्षेत्रीय पार्षद कमलेश तिवारी ने जानकारी होने पर जलकल विभाग के जीएम और जेई को इसकी जानकारी दी। कई बार शिकायत के बाद भी न मोटर बदली गई न ही पानी के टैंकर भेजे गए। पेयजल किल्लत से परेशान लोग दिन भर भटकते रहे। जिम्मेदार लोगों के प्रयास न करने से यह परेशानी दूसरे दिन भी बनी रह सकती है। लोगों ने मोटर बदले जाने तक प्रभावित इलाके में पानी के टैंकर भेजने की मांग की है।