कुंभ के लिए बदले जाएंगे कुछ परीक्षा केंद्र
0 15 स्कूलों को कुंभ के लिए आंशिक रूप से किया गया अधिग्रहीत
0 डिबार स्कूलों को भी बदले जाने पर निर्णय लेगी केंद्र निर्धारण समिति
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के दौरान कुंभ के लिए 15 स्कूलों को आंशिक रूप से अधिग्रहीत किया गया है। इनमें से ज्यादातर स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें से कुछ परीक्षा केंद्रों को बदला जा सकता है और कुछ केंद्रों में परीक्षार्थियों की संख्या घटाई जा सकती है। इस मसले पर निर्णय लेने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में केंद्र निर्धारण समिति की बैठक इसी सप्ताह प्रस्तावित है। बैठक के दौरान केंद्र बनाए गए डिबार स्कूलों पर भी निर्णय लिया जाएगा।
कुंभ के लिए राजकीय इंटर कॉलेज, केएन काटजू इंटर कॉलेज, सीएवी इंटर कॉलेज, राधा रमण इंटर कॉलेज, जीजीआईसी फाफामऊ, क्रॉस्थवेट इंटर कालेज, आर्यकन्या इंटर कॉलेज, भारत स्काउट, शिवाजी इंटर कॉलेज, लाला मनमोहन दास इंटर कॉलेज झूंसी, गांधी इंटर कॉलेज झूंसी, रानी रेवती देवी, ज्वाला देवी, श्रीमती डी सिंह शिशु मंदिर और माधव ज्ञान केंद्र नैनी को आंशिक रूप से अधिग्रहीत किया गया है। इनमें से ज्यादा स्कूलों को यूपी बोर्ड परीक्षाओं के लिए केंद्र बनाया गया है। किसी स्कूल के कुछ कमरे तो किसी स्कूल का मैदान अधिग्रहीत किया गया है। ऐसे में परीक्षाओं के दौरान वहां परेशानी हो सकती है।
इनमें सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज है। इन दिक्कतों के मद्देनजर अब इनमें से कुछ परीक्षा केंद्रों को बदला जा सकता है और कुछ परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों की संख्या घटाई जा सकती है। इस पर केंद्र निर्धारण समिति को फैसला करना है और समिति की बैठक इसी सप्ताह होनी है। इसके अलावा कई डिबार स्कूलों को भी परीक्षा केंद्र बना दिया गया है और इसको लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। केंद्र निर्धारण समिति परीक्षा केंद्र बनाए गए ऐसे डिबार स्कूलों को केंद्रों की सूची से बाहर करने पर निर्णय ले सकती है।