अभेद्य होगी सुरक्षा व्यवस्था, चप्पे-चप्पे पर तैनात होगी फोर्स
उपराष्ट्रपति, गवर्नर व सीएम के आगमन के मद्देनजर तैयारी
तीन एसपी, 12 एडिशनल एसपी भी सुरक्षा में रहेंगे मुस्तैद
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के साथ ही राज्यपाल व मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर शहर में सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त किए गए हैं। इसके तहत 1500 से ज्यादा जवान अलग-अलग स्थानों पर तैनात किए गए हैं। किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए तीन एसपी के अलावा 12 एएसपी भी सुरक्षा ड्यूटी में मुस्तैद किए गए हैं।
वीआईपी आगमन के मद्देनजर शुक्रवार को दिन भर पुलिस विभाग तैयारियों में जुटा रहा। सुरक्षा के लिए गैरजनपद से भी फोर्स बुलाई गई है। शुक्रवार सुबह ही बाहर से आए जवानों ने पुलिस लाइन में आमद कराई। उधर वीआईपी आगमन के तहत शाम को अफसरों ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया। जिसके बाद पुलिसकर्मियों के ड्यूटी प्वाइंट निर्धारित कर दिए गए। सुरक्षा के लिए वीआईपी मूवमेंट से संबंधित रूटों/स्थलों पर 1500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमेें 1300 कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल व 200 इंस्पेक्टर-सब इंस्पेक्टर शामिल हैं। इसके अलावा इन जवानों की मॉनिटरिंग के लिए 25 डिप्टी एसपी भी अलग-अलग जगहों पर ड्यूटी देंगे। 12 एडशिनल एसपी और तीन एसपी भी वीआईपी सुरक्षा में लगाए गए हैं। इसके अलावा दो कंपनी व दो प्लाटून पीएसी के जवान भी तैनात किए गए हैं। एसपी प्रोटोकॉल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी पुलिसकर्मियों का ड्यूटी प्वाइंट निर्धारित कर दिया गया है। उन्हें सुबह ही तैनात कर दिया जाएगा। इससे पहले शुक्रवार दोपहर में पुलिस लाइन में वीआईपी ड्यूटी के मद्देनजर पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग भी की गई। इस दौरान एडीजी एसएन साबत, आईजी मोहित अग्रवाल, एसएसपी नितिन तिवारी समेत प्रशासनिक अफसर भी मौजूद रहे।