लगाम कसी तो रेलवे ठेकेदार ने चुकाया 83 लाख का टैक्स
0 वाणिज्यकर विभाग अब कर रहा जुर्माना वसूलने की तैयारी
इलाहाबाद। रेलवे के एक ठेकेदार पर वाणिज्यकर विभाग ने सख्ती दिखाई तो उसने 83 लाख का टैक्स चुका दिया। पिछले छह माह के दौरान संबंधित ठेकेदार ने चार करोड़ रुपये से अधिक का माल सप्लाई किया था लेकिन, उसने रिटर्न नहीं भरा तो वाणिज्यकर विभाग ने उसे नोटिस जारी कर दी। अब ठेकेदार ने टैक्स तो चुका दिया है मगर विभाग उससे पेनाल्टी वसूलने की भी तैयारी में है।
बताया जा रहा है पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) में बेडरोल आदि की सप्लाई करने वाले रेलवे के एक ठेकेदार की खगौल लोको लेबर्स कोआपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, जार्जटाउन के नाम पर एक फर्म पंजीकृत है। संबंधित फर्म की ओर से एनईआर में बेडरोल आदि की सप्लाई की जाती है। संबंधित फर्म की ओर से पिछले माह चार करोड़ से अधिक की सप्लाई की गई। चार करोड़ से ज्यादा की सप्लाई करने के बावजूद संबंधित फर्म की ओर से कोई रिटर्न नहीं भरा गया तो उसे विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया। नोटिस मिलने के बाद संबंधित ठेकेदार ने तकरीबन 83 लाख का टैक्स जमा तो कर दिया लेकिन वाणिज्यकर विभाग अब उससे जुर्माना वसूलने की तैयारी कर रहा है। इस बारे में वाणिज्यकर विभाग के एडिशनल कमिश्नर ग्रेड वन एके राय का कहना है कि संबंधित फर्म द्वारा रिटर्न फाइल नहीं हो रहा था। नोटिस के बाद ही उसने टैक्स दिया। अब जुर्माना वसूलने की भी तैयारी है।