मोदी चाय दो रुपये, तीन में योगी पकौड़ा
निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मचारियों का अनूठा प्रदर्शन
राह चलते लोगों को बुलाकर पिलाई चाय-खिलाया पकौड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
प्रदेश के पांच महानगरों की बिजली व्यवस्था निजी हाथों में सौंपे जाने के खिलाफ विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने बुधवार को विरोध का अनूठा तरीका अपनाया। कर्मचारियों-अधिकारियों ने जार्जटाउन स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय के सामने चाय-पकौड़े का स्टॉल लगाया। संयुक्त संघर्ष समिति का कहना है कि सरकार के इस फैसले के बाद उन्हें आगे चाय-पकौड़े ही बेचने पड़ेंगे। इसलिए हम पूर्वाभ्यास कर रहे हैं। कर्मचारी मेडिकल चौराहे से होकर गुजरने वाले लोगों को बुलाकर मोदी चाय पिलाने के साथ योगी पकौड़ा खिलाया। संयुक्त संघर्ष समिति ने मोदी चाय दो रुपये और योगी पकौड़ा तीन रुपये में बेचा।
0 निजीकरण से बंद हो जाएंगे प्रमोशन के रास्ते
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे इंजीनियर जय शंकर राय ने कहा सरकार अपनी नीति को नहीं बदलती तो आंदोलन और उग्र होगा। इंजीनियर अवधेश कुमार ने बताया कि सरकार गरीबों और किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है। इंजीनियर विजय तिवारी ने कहा कि निजीकरण के फैसले से विद्युत कर्मचारियों का मनोबल गिर रहा है। इंजीनियर आशीष सिंह का कहना था कि सरकार के निजीकरण के फैसले से विभाग में पांच हजार सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संख्या कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इस फैसले के बाद कर्मचारियों एवं अधिकारियों के प्रमोशन के रास्ते बंद हो जाएंगे।
0 कर्मचारियों का 72 घंटे का कार्य बहिष्कार नौ अप्रैल से
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक सीताराम ने बताया कि सरकार के फैसले के विरोध में छह अप्रैल को इलाहाबाद शहर में जनजागरण रैली निकाली जाएगी। आठ अप्रैल को शाम छह से आठ बजे तक मशाल जुलूस निकाला जाएगा। संयुक्त संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने अपना फैसला वापस नहीं लिया तो नौ अप्रैल से 72 घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में इंजीनियर शंकर शाही, इंजीनियर सुजीत सिंह, इंजीनियर आरसी पांडेय, इंजीनियर अजीत पटेल, इंजीनियर संदीप मौर्य, प्रशांत सिंह, आरसी पांडेय, ऋतेश श्रीवास्तव, राहुल यादव, इंजीनियर मनोज अग्रवाल, इंजीनियर आरपी यादव, दीपक सिंह सहित सैकड़ों अधिकारी- कर्मचारी मौजूद रहे।